नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping’s)और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को चीन के शेनझेन में एक त्रिपक्षीय बैठक की। यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान हुई। ट्रंप ने इस मुलाकात को ऐतिहासिक करार दिया।
तीनों नेताओं के बीच परमाणु हथियारों के खतरे को कम करने, वैश्विक शांति और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान शी जिनपिंग ने गंभीर चेतावनी दी कि अगर दुनिया की बड़ी ताकतें आपस में टकराती हैं तो पूरी दुनिया में अराजकता फैल जाएगी।
ट्रंप बोले – “हम इतिहास बना रहे हैं”
त्रिपक्षीय बैठक की शुरुआत करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन परमाणु हथियारों की संख्या घटाने और उनके इस्तेमाल के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा, “हम वास्तव में इतिहास बना रहे हैं।”
ट्रंप के अनुसार, तीनों देशों की विशेष जिम्मेदारी है कि वे परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की आशंका कम करें और दुनिया को सुरक्षित बनाएं। उन्होंने जोर दिया कि बैठक में दुनिया के सामने मौजूद सभी बड़ी समस्याओं पर चर्चा होगी।
ट्रंप ने कहा कि देशों के बीच मतभेद होने के बावजूद नेताओं को बातचीत का रास्ता खुला रखना चाहिए। अतीत में कई नेताओं ने असहमति के कारण एक-दूसरे से बात करने के मौके गंवा दिए। उन्होंने कहा, “मौकों को ठुकराकर कभी शांति स्थापित नहीं की जा सकती।”
शी जिनपिंग की चेतावनी
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ट्रंप और पुतिन के साथ हुई इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी ताकतों के बीच स्वस्थ संबंध होना जरूरी है। यह कोई विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत है।
जिनपिंग ने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन को मिलकर वैश्विक शांति और स्थिरता बनाए रखने की दिशा में काम करना चाहिए। साथ ही दुनिया की चुनौतियों से निपटने के लिए भी तीनों देशों को एक साथ आना होगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा
“अगर बड़ी ताकतें आपस में लड़ती हैं तो दुनिया में अराजकता फैल जाएगी। जब बड़ी ताकतों के बीच तालमेल होता है, तब दुनिया शांतिपूर्ण रहती है।”
उन्होंने तीनों नेताओं से इतिहास से सबक लेने और वैश्विक शांति बनाए रखने की अपनी साझा जिम्मेदारी समझने की अपील की। परमाणु हथियारों के बारे में उन्होंने कहा कि परमाणु युद्ध कोई नहीं जीत सकता और इसे कभी लड़ा ही नहीं जाना चाहिए। इसे रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए।
जिनपिंग ने ताइवान के मुद्दे पर अमेरिका को सही कदम उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चीन-अमेरिका संबंधों में बड़े झटकों से बचने के लिए अमेरिका को ताइवान के मामले में सही काम करना चाहिए। उन्होंने परमाणु हथियारों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और उन्हें खत्म करने की भी वकालत की। उनका कहना था कि दुनिया को परमाणु हथियारों से मुक्त बनाना अंतिम लक्ष्य होना चाहिए।
पुतिन ने कहा – तीनों देश मिलकर बढ़ा सकते हैं वैश्विक स्थिरता
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी वैश्विक शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन के बीच रचनात्मक सहयोग से दुनिया में स्थिरता मजबूत हो सकती है।
अनुवादक के जरिए अपनी बात रखते हुए पुतिन ने कहा कि तीनों देशों की जिम्मेदारी है कि वे अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए मिलकर काम करें। उन्होंने वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा जैसे विषयों पर भी चर्चा करने की जरूरत बताई।
ट्रंप-जिनपिंग की अलग से हुई मुलाकात
त्रिपक्षीय बैठक से पहले डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच अलग से द्विपक्षीय बातचीत भी हुई। इस साल दोनों नेताओं की यह तीसरी बड़ी मुलाकात थी। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत चली। इसके बाद दोनों नेताओं और उनके प्रतिनिधिमंडलों ने साथ में दोपहर का भोजन किया।
इस मुलाकात में ट्रंप ने जिनपिंग के साथ अपने अच्छे संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने ईरान युद्ध के दौरान हमलों का केंद्र बने होर्मुज जलमार्ग से तेल की निर्बाध आपूर्ति जारी रखने की जरूरत पर भी बात की। इसके अलावा ट्रंप ने चीन से अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद बढ़ाने की अपील करने के संकेत दिए।
ट्रंप ने जिनपिंग से कहा, “मैं आपसे अपने किसानों के लिए कुछ और करने का अनुरोध करूंगा।” वहीं जिनपिंग ने ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल में अमेरिका और चीन के संबंधों को आमतौर पर स्थिर और बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि ट्रंप की ओर से किए गए प्रयास सभी को दिखाई दे रहे हैं और इन्हें इतिहास में याद रखा जाएगा।
ट्रंप-पुतिन की मुलाकात
APEC शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी अलग से मुलाकात की। पिछले साल अलास्का में हुई बातचीत के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी। अलास्का में हुई पिछली वार्ता रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए किसी समझौते तक नहीं पहुंच सकी थी।
पुतिन के साथ बैठक में शामिल होने से पहले ट्रंप ने उन्हें अपना दोस्त बताया। उन्होंने कहा, “इससे कुछ शानदार चीजें सामने आ सकती हैं या कम से कम उनकी शुरुआत तो हो सकती है।” दोनों नेताओं ने मुलाकात से पहले एक-दूसरे से हाथ मिलाया। इस दौरान ट्रंप ने कहा, “कई सालों से हमारे संबंध अच्छे रहे हैं।” ट्रंप और पुतिन के बीच यह बातचीत करीब 40 मिनट तक चली।











