अंबिकापुर | अविभाजित सरगुजा क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से दहशत का पर्याय बने कबरा कान हाथी को वन विभाग ने बुधवार को सफलतापूर्वक ट्रैंक्विलाइज (tranquilize) कर लिया है। 19 लोगों की जान ले चुके इस उत्पाती हाथी को छह दिन की निरंतर मशक्कत के बाद उदयपुर वन परिक्षेत्र के तेंदूटिकरा जंगल में ट्रैंक्विलाइज किया गया। प्रशिक्षित कुमकी हाथियों तीरथ राम और दुर्योधन की मदद से चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में विशेषज्ञ टीम को कामयाबी मिली।
वन विभाग की टीम ने चकेरी रोड से तेंदूटिकरा जंगल तक कबरा कान की लोकेशन ट्रैक करने के बाद ट्रैंक्विलाइजर गन से उसके गले में डॉट लगाई। इसके बाद हाथी धीरे-धीरे बेहोश होने लगा। इस पूरे अभियान में कुमकी हाथियों और विशेषज्ञों की भूमिका अहम रही। इससे पहले 16 नवंबर को भी पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन कबरा कान ने कुमकी हाथियों से भिड़ंत कर उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था। उस समय सुरक्षित दूरी न मिलने के कारण ट्रैंक्विलाइजर का इस्तेमाल नहीं हो पाया था।
रेस्क्यू के दौरान जंगल में हाथियों के दो अलग-अलग दल नजर आए थे। एक दल में पांच और दूसरे में तेरह हाथी थे। कबरा कान पांच हाथियों वाले समूह में नहीं था, इसलिए टीम ने उसकी अलग लोकेशन पर फोकस किया और बुधवार को दोबारा अभियान चलाकर सफलता हासिल की। इस बीच आसपास के गांवों में दूसरे दल के हाथियों ने भी काफी नुकसान पहुंचाया। सोमवार रात हाथियों का एक समूह चकेरी बस्ती में घुस गया और एक भैंस को मार डाला। खेतों में घुसकर धान की फसलें भी बर्बाद की जा रही थीं, जिससे ग्रामीणों में भय बढ़ गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के डर से रातभर जागकर रखवाली करनी पड़ रही थी और वन विभाग ने सुरक्षा के लिए जंगल में जाने पर रोक लगा रखी थी। कबरा कान के पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन आसपास के जंगलों में विचरण कर रहे अन्य हाथियों के दलों से खतरा अभी भी बना हुआ है। वन विभाग सतर्क है और आगे किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए निगरानी बढ़ाए रखेगा।







