दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में 19 नवंबर से 48वीं भारतीय सामाजिक विज्ञान(Science) कांग्रेस शुरू होगी। तीन दिवसीय अधिवेशन का केंद्रीय विषय ‘भारतीय भाषाओं में विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान’ है। इसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और शोधार्थी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में मातृभाषा में विज्ञान की पढ़ाई, स्थानीय ज्ञान, शोध और वैज्ञानिक नवाचारों पर चर्चा होगी।
भारतीय सामाजिक विज्ञान अकादमी के इस वार्षिक अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, अतिथियों की अंतिम सूची आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार तय होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जीडी शर्मा करेंगे। महासचिव डॉ. एनपी चौबे भी मौजूद रहेंगे।
28 समितियों और 21 पैनलों में शोध पत्रों पर चर्चा
अधिवेशन में 28 विषयगत अनुसंधान समितियों और 21 अंतर्विषयी पैनलों के माध्यम से शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ के विकास में विज्ञान की भूमिका पर विशेष संगोष्ठी होगी। इसमें हिंदी, छत्तीसगढ़ी और जनजातीय भाषाओं में विज्ञान पढ़ाने की संभावनाओं के साथ कृषि, स्वास्थ्य, पोषण, खनन, उद्योग और रोजगार से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होगा। कार्यक्रम के तहत अखिल भारतीय युवा वैज्ञानिक सम्मेलन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा भारतीय विज्ञान समाज पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। भारतीय वैज्ञानिकों की खोजों और नवाचारों की प्रदर्शनी भी लगेगी। उत्कृष्ट एवं नवाचारी शोध कार्यों के लिए स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
मातृभाषा में विज्ञान की पढ़ाई को बढ़ावा देने पर जोर
विश्वविद्यालय के कुलपति और आयोजन समिति के सभापति प्रो. संजय तिवारी के अनुसार, अधिवेशन का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप भारतीय भाषाओं में विज्ञान की पढ़ाई और अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि विज्ञान को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए भाषा की बाधा दूर करना जरूरी है।
इस आयोजन की संयुक्त मेजबानी हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग, श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल विश्वविद्यालय, भिलाई, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भिलाई और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर कर रहे हैं।
भारतीय सामाजिक विज्ञान अकादमी की स्थापना 15 अगस्त 1974 को हुई थी। संस्था प्रकृति, मानव और समाज से जुड़े विभिन्न वैज्ञानिक विषयों में अध्ययन और अनुसंधान को बढ़ावा देती है।







