रायपुर। राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग की पेंशन(pension)योजना में सुधार की मांग को लेकर बुधवार को देशभर के बीमा कार्यालयों के सामने पेंशनर्स ने संयुक्त प्रदर्शन किया। संगठनों की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ऑल इंडिया इंश्योरेंस पेंशनर्स एसोसिएशन और ऑल इंडिया रिटायर्ड इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ फेडरेशन के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में सभाएं ली गईं और प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया। आंदोलन से एकजुटता जताते हुए ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन के सदस्यों ने भी देशभर में प्रदर्शनों में हिस्सा लिया।
रायपुर मंडल में सैकड़ों पेंशनर्स, सेवारत कर्मचारियों और अधिकारियों ने भोजनावकाश के दौरान एलआईसी के पंडरी स्थित मंडल कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। सभा के बाद वरिष्ठ मंडल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया। सभा की अध्यक्षता एआईआईपीए रायपुर मंडल के अध्यक्ष श्रीकांत पेंढारकर ने की। रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ यूनियन ने भी प्रभावी उपस्थिति के साथ एकजुटता दिखाई।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए एआईआईपीए के राष्ट्रीय सहसचिव अतुल देशमुख ने मांगें गिनाईं:
- एलआईसी और जीआईसी के पेंशनर्स की पेंशन का निश्चित समयावधि पर अपग्रेडेशन
- 1987 से पहले सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स को दी जा रही अनुग्रह राशि में पर्याप्त वृद्धि
- अगस्त 1997 से पहले के पेंशनभोगियों के लिए शत-प्रतिशत महंगाई भत्ते की छूट
- घरेलू इलाज के लिए नकद चिकित्सा भत्ता और निवारक स्वास्थ्य जांच
- 80 वर्ष की आयु के बाद मूल पेंशन में वृद्धि
- मेडिक्लेम योजना में जरूरी सुधार
- ग्रुप मेडिक्लेम प्रीमियम पर लगाए गए जीएसटी की वापसी
श्री देशमुख ने कहा कि ये मांगें कई वर्षों से लंबित हैं और एलआईसी प्रबंधन, जिप्सा तथा केंद्र सरकार के अड़ियल रवैये के कारण पेंशनर्स को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
फेडरेशन के मंडल महासचिव पी. के. पांडे ने कहा कि पेंशन के समयावधिक अपडेशन की मांग तमाम प्रयासों के बावजूद सर्वोच्च न्यायालय में गतिरोध और अनिश्चितता का सामना कर रही है। इसलिए कानूनी लड़ाई के साथ-साथ संगठनात्मक संघर्ष और लामबंदी की जरूरत महसूस की गई है। उन्होंने बताया कि बीमा उद्योग के सभी पेंशनर्स संगठनों को एकजुट करने की पहल चल रही है और इसी क्रम में दो संगठन संयुक्त आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मराज महापात्र ने सभा में कहा कि केंद्र सरकार उदारीकरण की राह पर चलते हुए मजदूरों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के अधिकारों पर हमले तेज कर रही है और राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग को निजीकरण की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने देशभर में सार्वभौमिक पेंशन योजना लागू करने की मांग करते हुए पेंशनर्स के आंदोलन का समर्थन किया। महापात्र के अनुसार, एआईआईईए के आगामी मांग पत्र में पेंशन अपडेशन की मांग भी जोड़ी जाएगी और सेवारत कर्मचारी पेंशनर्स के आगे के सभी कार्यक्रमों में समर्थन जारी रखेंगे।जोरदार नारेबाजी के साथ सभा का समापन हुआ।







