बच्चों और माताओं की सेहत के लिए सिर्फ अस्पताल काफी नहीं, पोषण और साफ पानी भी जरूरी : UNICEF

रायपुर। बच्चों और माताओं को स्वस्थ रखने के लिए बेहतर इलाज के साथ सही पोषण, साफ पेयजल और स्वच्छता भी जरूरी है। इन्हीं मुद्दों पर बुधवार को रायपुर के होटल सयाजी में UNICEF छत्तीसगढ़ ने मीडिया संवाद का आयोजन किया। इसमें अखबार, टीवी और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों के साथ सोशल मीडिया पर सक्रिय कंटेंट क्रिएटर्स भी शामिल हुए। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं, बीमारियों से बचाव और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर चर्चा हुई।

बच्चों के अधिकार और स्वास्थ्य पर मीडिया की जिम्मेदारी

यूनिसेफ के संचार विशेषज्ञ अनिल गुलाटी ने 20 नवंबर को मनाए जाने वाले विश्व बाल दिवस के महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि हर बच्चे के अधिकारों की रक्षा और उसकी बेहतर परवरिश सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। इसमें मीडिया की भूमिका अहम है। अखबार, टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म बच्चों से जुड़े मुद्दों को सामने लाने के साथ जिम्मेदार संस्थाओं से जवाब भी मांग सकते हैं।

साफ पानी और पोषण से कम हो सकती हैं बीमारियां

यूनिसेफ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ गजेंद्र सिंह ने कहा कि माताओं और बच्चों की सेहत सुधारने के लिए केवल अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्भर नहीं रहा जा सकता। इसके लिए पौष्टिक भोजन, सुरक्षित पेयजल और साफ-सफाई पर एक साथ ध्यान देना होगा। इससे कई ऐसी बीमारियों को रोका जा सकता है, जिनसे बचाव संभव है।

बैठक में यूनिसेफ की पोषण और स्वच्छता से जुड़ी टीमों ने भी जानकारी साझा की। विशेषज्ञों ने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं के साथ परिवार और समुदाय के स्तर पर भी जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।

स्कूलों में बाल मंत्रिमंडल की भूमिका पर चर्चा

यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की जल एवं स्वच्छता अधिकारी बिराजा कबि सतपथी ने राज्य में चल रहे जल और स्वच्छता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने स्कूलों में गठित बाल मंत्रिमंडलों की भूमिका पर भी बात की। ये बाल मंत्रिमंडल विद्यालयों में साफ-सफाई, सुरक्षित पानी और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी बढ़ाने के लिए बनाए गए हैं।

कार्यक्रम के आखिर में पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स ने यूनिसेफ के अधिकारियों से सवाल पूछे। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को आम लोगों तक आसान भाषा में पहुंचाने और बच्चों व माताओं से जुड़े मुद्दों पर नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now