रायपुर। ये राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का खूबसूरत जवाब है।ये जवाब उन आलोचनाओं के लिए है जो राहुल के भाषण के बाद उनके विरोधियों ने हमलावर अंदाज में की हैं। अपने माता-पिता के प्रेम पर दिए भाषण को लेकर हुई आलोचनाओं के बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक और राजनीतिक संदेश साझा किया है। उन्होंने लिखा कि भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और जताने से रोकता है। पोस्ट के साथ उन्होंने नंदी पर विराजमान शिव और उनकी गोद में बैठी पार्वती की एक प्राचीन मूर्ति की तस्वीर भी डाली है।
राहुल गांधी ने कहा कि एक सच्चे हिंदू के रूप में इन समर्थकों को इस जाल से मुक्त कराना उनका कर्तव्य है, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की मनमोहक सुंदरता और आनंद को महसूस कर सकें। पोस्ट का समापन उन्होंने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ से किया।
साझा की गई तस्वीर में पत्थर पर उकेरी गई एक मूर्ति दिखती है। इसमें शिव नंदी पर विराजमान हैं और पार्वती उनकी गोद में बैठी हैं। बारीक अलंकरण और गहरे पत्थर की नक्काशी वाली यह मूर्ति किसी मंदिर की है। पोस्ट में मंदिर या जगह का नाम नहीं बताया गया है।
पोस्ट 17 नवंबर को दोपहर 3:14 बजे डाली गई। स्क्रीनशॉट लिए जाने तक इसे करीब 4.04 लाख व्यूज़, 14 हजार लाइक, 4 हजार रीपोस्ट और 1.5 हजार जवाब मिल चुके थे।
सोमवार को सोनिया गांधी की नई किताब belonging a journey of love के विमोचन पर राहुल ने अपने माता-पिता के प्रेम और पारिवारिक जीवन को याद किया था।
उन्होंने कहा कि मां सोनिया और पिता राजीव गांधी के बीच गहरा प्रेम था और बचपन में उन्होंने दोनों को सिर्फ एक बार झगड़ते देखा। उन्होंने राजीव गांधी की हत्या के बाद मां सोनिया गांधी के जीवन में आए बदलावों और कैंसर से उनके संघर्ष का भी जिक्र किया।
एक किस्से में उन्होंने बताया कि माता-पिता की पहली मुलाकात की कहानियां उनके घर में सुनाई जाती थीं। यह मुलाकात कैम्ब्रिज के वर्सिटी रेस्टोरेंट में हुई थी। भाषण में राहुल ने यह भी कहा कि उनकी मां घर पर खाना खाते हुए पापा की गोद में बैठ जाया करती थीं।
भाषण के इस हिस्से पर राहुल विरोधियों ने तंज कसे,नैतिकता के पाठ पढ़ाये। इन आलोचनाओं के जवाब में अब राहुल की यह पोस्ट सामने आई है, जिसमें उन्होंने नफरत बनाम प्रेम की बहस को सीधे अपने राजनीतिक विरोधियों के समर्थकों की ओर मोड़ दिया है।








