राहुल के भाषण पर हिमंता का तंज, सिंहदेव का पलटवार– प्यार देखना भी बर्दाश्त नहीं!

नई दिल्ली। सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर राहुल गांधी (rahul)के भाषण में माता-पिता से जुड़े पारिवारिक किस्से पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की एक टिप्पणी के खिलाफ छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

टीएस सिंहदेव ने सरमा का नाम लिए बिना कहा कि नफरत की राजनीति करने वाले प्यार और परिवार की गर्माहट को कभी नहीं समझ सकते।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग’ के विमोचन पर राहुल गांधी ने मंच से अपनी मां को लेकर भावुक बातें साझा कीं।

अपने भाषण में उन्होंने बताया कि उनकी मां घर पर खाना खाते हुए पापा (राजीव गांधी) की गोद में बैठ जाया करती थीं।

इसी किस्से पर सरमा ने अंग्रेजी में तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘मैडम, आपके जीवन के इतने खास दिन भी वे आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। देश ने यह बहुत पहले समझ लिया था। उम्मीद है कि अब आप भी देख पाएंगी। यह प्रोडक्ट लॉन्चिंग और रीलॉन्चिंग से परे है।’

श्री सरमा ने राहुल गांधी का नाम नहीं लिया, लेकिन यह टिप्पणी राहुल के भाषण पर प्रतिक्रिया के रूप में सामने आई।

सिंहदेव का जवाब

श्री सिंहदेव ने कहा कि जो लोग गोडसे की नफरत की विचारधारा से प्रेरणा लेते हैं या महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों के दोषियों की रिहाई में जश्न का कारण खोजते हैं, वे संवेदनाहीनता के साथ काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि करुणा, आपसी सम्मान और प्रेम भरे परिवार की गर्माहट मानवीय गरिमा के प्रति बुनियादी श्रद्धा से पैदा होती है। विभाजन और नफरत पर टिकी राजनीति इन मूल्यों को कभी नहीं समझ सकती।

श्री सिंहदेव ने कहा कि यह देखकर सचमुच दुख होता है कि सार्वजनिक विमर्श इस स्तर तक गिर गया है कि परिवारिक जीवन के सबसे निजी और अनमोल पलों को भी राजनीतिक नफरत से नहीं बख्शा जा रहा। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने पूरी जिंदगी नफरत में इतना डूबकर बिताई है कि उनसे प्यार का नजारा बर्दाश्त नहीं होता।

सरमा और राहुल गांधी के बीच तीखी बयानबाजी नई नहीं है। इसी साल अप्रैल में असम की एक सभा में राहुल ने सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया था।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now