कोलकाता/मुंबई। वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण में नाम कटने के बाद कुछ मुस्लिम परिवारों को हिरासत, पूछताछ और निर्वासन का सामना करना पड़ा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स (Reuters)ने ऐसे 10 परिवारों से बात की है, जिनके सदस्य नागरिकता पर सवाल के बाद हिरासत में लिए गए, निर्वासित किए गए या उनसे पूछताछ हुई। रॉयटर्स के मुताबिक, इन सभी के पास भारतीय पहचान या पारिवारिक दस्तावेज थे और माता-पिता या भाई-बहन जैसे रिश्तेदार वोटर लिस्ट में बने रहे।
मुंबई की सब्जी की दुकान से बांग्लादेश की सीमा तक
रॉयटर्स के अनुसार, 38 साल की सहीदा फकीर 19 जुलाई को मुंबई में अपने घर से सब्जी लेने निकली थीं। वे अब बांग्लादेश के एक गांव में हैं और पति व दो बेटों से अलग हैं। उनका कहना है कि सादी वर्दी के अधिकारियों ने उन्हें पकड़ा, उनका फोन छीन लिया, जिसमें पहचान दस्तावेजों की कॉपियां थीं, और आखिर में सीमा पार करा दी। अदालती दस्तावेजों के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि ये अधिकारी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के थे। विभाग ने टिप्पणी के अनुरोध का जवाब नहीं दिया।
सहीदा के मुताबिक, उन्हें रात करीब 1 बजे असम सीमा पर बिना बाड़ वाले इलाके से धकेला गया। मुंबई पुलिस ने अदालत को बताया कि उन्हें बीएसएफ को सौंपा गया और ‘संबंधित अधिकारियों के जरिए’ बांग्लादेश निर्वासित किया गया। अदालती कागजात के अनुसार, वे उस अभियान में निर्वासित 149 लोगों में थीं।
परिवार के दस्तावेज क्या कहते हैं
रॉयटर्स ने परिवार के रिकॉर्ड देखे। उनके मुताबिक, सहीदा के माता-पिता और दादा-दादी 1952 के पहले आम चुनाव से पश्चिम बंगाल के स्वरूपनगर में पंजीकृत मतदाता थे। उनके नाम 2002-03 की उस सूची में भी थे, जो ताजा पुनरीक्षण में कसौटी बनाई गई। सहीदा खुद कम से कम 2008 से बंगाल की वोटर लिस्ट में हैं।
दूसरी ओर, मुंबई के विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय ने कलकत्ता हाईकोर्ट को बताया कि पूछताछ में सहीदा ने बांग्लादेशी जन्म प्रमाणपत्र पेश किया और भारतीय नागरिकता का “वैध या विश्वसनीय” दस्तावेजी सबूत नहीं दे पाईं। सहीदा इससे इनकार करती हैं। उनका कहना है कि फोन छीन लिए जाने से उन्हें दस्तावेज दिखाने का मौका नहीं मिला। अगस्त में दाखिल याचिका में परिवार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि वोटर लिस्ट से नाम कटना नागरिकता तय नहीं करता और उन्हें “अप्रमाणित कार्यकारी दावे” के आधार पर नहीं निकाला जा सकता।
13 करोड़ नाम कटे, मुस्लिमों पर ज्यादा असर
रॉयटर्स के मुताबिक, पुनरीक्षण में देशभर में 13 करोड़ नाम हटे, जो भारत के इतिहास में वोटरों की सबसे बड़ी कटौती है। आंकड़े बताते हैं कि इसका असर मुस्लिमों पर अनुपात से ज्यादा पड़ा।
पश्चिम बंगाल में राज्य चुनाव से पहले करीब 90 लाख नाम कटे। कोलकाता के सबर इंस्टीट्यूट के अनुसार, बाद की गहन समीक्षा में हटाए गए 27 लाख नामों में करीब 70 प्रतिशत मुस्लिम थे, जबकि राज्य की आबादी में उनका हिस्सा 27 प्रतिशत है। इन चुनावों में भाजपा पहली बार राज्य की सत्ता में आई। संस्थान के संस्थापक सबीर अहमद ने कहा कि सत्ता-विरोधी रुझान से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन नाम कटने ने नतीजों में बड़ी भूमिका निभाई। भाजपा का कहना है कि वह वैध नागरिकों को निशाना नहीं बना रही।
अमित शाह का बयान
गृह मंत्री अमित शाह ने 5 नवंबर को हरियाणा की रैली में कहा था कि भाजपा का संकल्प है कि घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वोटर लिस्ट से हटाया जाएगा और फिर एक-एक कर देश से निकाला जाएगा। रॉयटर्स के मुताबिक, इससे दोनों प्रक्रियाओं के जुड़ाव की बात साफ होती है। हालांकि एजेंसी ने यह भी लिखा है कि वोटर लिस्ट से नाम हटना अपने आप में किसी को विदेशी साबित नहीं करता।
हिरासत में 32 दिन
कलकत्ता हाईकोर्ट में एक अन्य याचिका में बर्तन फेरी वाले नसीरुद्दीन शेख और चार अन्य ने कहा कि नाम कटने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया, जबकि नाम हटाने के खिलाफ उनकी अपीलें विशेष न्यायाधिकरणों में लंबित थीं। शेख के अनुसार, उन्हें और 22 अन्य को छत्तीसगढ़ में काम के दौरान पुलिस ने पकड़ा। 14 दिन बाद 19 लोग छूट गए, क्योंकि उनके नाम संशोधित सूची में मिल गए। शेख और तीन अन्य, जिनके नाम नहीं मिले, 32 दिन हिरासत में रहे। शेख का कहना है कि एक पुलिसकर्मी ने उनसे कहा था कि सूची में नाम नहीं है, इसलिए वे बांग्लादेशी हैं।
पुलिस और सरकारी वकीलों ने हाईकोर्ट को बताया कि पश्चिम बंगाल में कोई स्थायी डिटेंशन कैंप नहीं है। रॉयटर्स के रिपोर्टरों ने मुर्शिदाबाद में संदिग्ध विदेशी प्रवासियों के लिए बने एक होल्डिंग सेंटर को देखा, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच कपड़े सूखते और खिड़कियों से झांकते लोग दिखे।
मानवाधिकार कार्यकर्ता किरीटी रॉय के मुताबिक, नाम कटने के खिलाफ लाखों मामले लंबित हैं और न्यायाधिकरणों की रफ्तार धीमी है।
गृह मंत्रालय, प्रधानमंत्री कार्यालय और चुनाव आयोग ने रॉयटर्स के सवालों का जवाब नहीं दिया।








