यूपी में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 221 दिन में 18 लाख से ज्यादा नए मतदाता जुड़े

लखनऊ। उत्तर प्रदेश (UP)में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल मंगलवार को जारी कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित पिछली सूची के बाद 221 दिनों में राज्य में 18 लाख 84 हजार 113 नए मतदाता जुड़े हैं।

अब कितने मतदाता?

17 नवंबर 2026 को जारी ड्राफ्ट सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 है। इनमें –
पुरुष: 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510
महिलाएं: 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353
तृतीय लिंग: 4,042

18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता 11 लाख 83 हजार 352 हैं। सूची में जेंडर रेशियो 840 और ईपी रेशियो 55.95 दर्ज किया गया है।

अप्रैल की सूची से कितना बदलाव?

10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित सूची में कुल मतदाता 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 थे। तब पुरुष 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61, महिलाएं 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 और तृतीय लिंग के 4,206 मतदाता थे। 18-19 आयु वर्ग के मतदाता तब 17 लाख 63 हजार 360 थे। जेंडर रेशियो 834 और ईपी रेशियो 55.17 था। इस दौरान पुरुष मतदाताओं में 7 लाख 87 हजार 449 और महिला मतदाताओं में 10 लाख 96 हजार 828 की वृद्धि हुई है। तृतीय लिंग के मतदाताओं में 164 की कमी आई है, जबकि 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार की गिरावट दर्ज की गई है।

नाम जुड़वाने का मौका 16 दिसंबर तक

ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने के बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने या सुधार के लिए दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इसके लिए फॉर्म-6, 7 और 8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस भी आयोजित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग युवाओं और महिलाओं को सूची में शामिल करने पर खास ध्यान दे रहा है। साथ ही सूची की शुद्धता बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन आंकड़ों की जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना नाम सूची में दर्ज कराएं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now