नई दिल्ली । बीजेपी ने जैफरी एपस्टीन (Epstein)के साथ संबंधों को लेकर चर्चा में आए हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश में खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश में यह राज्यसभा एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद हो रहा है। 74 साल के हरदीप सिंह पुरी इस समय केंद्र सरकार में मंत्री हैं।
हरदीप सिंह पुरी इससे पहले उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजे गए थे। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने वाला है। इसके पहले भाजपा ने पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया था जो अंकिता भंडारी मर्डर केस को लेकर विपक्ष के निशाने पर रहे हैं।
बीजेपी ने एक बयान में कहा कि पार्टी की केंद्रीय निर्वाचन समिति ने उपचुनाव के लिए पुरी के नाम को मंजूरी दी है। इस समय वह केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री के रूप में काम कर रहे हैं।
अप्रैल 2030 में पूरा होगा हरदीप सिंह पुरी का कार्यकाल
सांसद बनने के बाद 2030 में हरदीप पुरी का कार्यकाल खत्म होगा। मुरुगन ने 14 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिपरिषद और राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। वह संसदीय कार्य तथा सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री थे। उनके इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा की सीट के लिए 12 नवंबर को उपचुनाव होगा।एल मुरुगन का राज्यसभा सदस्य के रूप में इस्तीफा देते समय मुरुगन ने कहा था कि वह भाजपा को तमिलनाडु में मजबूत करने पर ध्यान देना चाहते हैं। राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल दो अप्रैल, 2030 को समाप्त होना था।
हरदीप सिंह पुरी की राह बेहद आसान
मध्यप्रदेश में बीजेपी की सरकार होने के कारण राज्यसभा उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार की जीत की राह आसान मानी जा रही है। राज्यसभा सदस्यों का चुनाव विधानसभा के सदस्य करते हैं। प्रक्रिया के अनुसार, मतदान समाप्त होने के बाद उसी शाम मतगणना होगी।











