ट्रम्प पर पूर्व स्विस मॉडल ने लगाया रेप का आरोप, 33 साल पुराने मामले में नए दावे सामने आए

लेंस न्यूज़ डेस्क। स्विट्जरलैंड की पूर्व मॉडल बीट्रिस क्यूल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Trump) पर रेप का आरोप लगाया है। क्यूल का दावा है कि 1993 में न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में ट्रम्प ने उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। घटना के बाद उनके शरीर पर चोट के निशान थे और कई जगहों से खून बह रहा था। ये आरोप अमेरिकी संसद में डेमोक्रेटिक सदस्यों की ओर से जारी एक नई रिपोर्ट में सामने आए हैं। हालांकि, इन दावों की न्यायिक पुष्टि नहीं हुई है।

2024 में भी लगाया था यौन उत्पीड़न का आरोप

क्यूल ने इससे पहले 2024 में ट्रम्प पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उस समय उन्होंने कहा था कि ट्रम्प ने उन्हें जबरन पकड़ा, चूमा और उनके कपड़े उतारने की कोशिश की थी। नई रिपोर्ट के मुताबिक, क्यूल ने समिति के कर्मचारियों को दिए बयान में आरोप लगाया कि उस घटना के दौरान उनके साथ रेप हुआ था।

ब्यूटी पेजेंट के दौरान हुई थी मुलाकात

पूर्व मिस स्विट्जरलैंड रह चुकीं क्यूल के मुताबिक, वह 1993 में अमेरिकन ड्रीम पेजेंट में हिस्सा लेने अमेरिका गई थीं। इस प्रतियोगिता से ट्रम्प भी जुड़े हुए थे। मैनहैटन के प्लाजा होटल में पत्रकारों के साथ आयोजित दोपहर के भोजन के दौरान उनकी ट्रम्प से मुलाकात हुई।

क्यूल का कहना है कि बाद में ट्रम्प के एक सहयोगी ने उन्हें होटल के कमरे में बुलाया। उन्हें लगा कि वहां सामान्य बातचीत होगी, लेकिन कमरे में पहुंचने पर ट्रम्प ने कथित तौर पर उन्हें पीछे से पकड़ लिया और उनके साथ जबरदस्ती की।

वीजा और यूनिवर्सिटी में दाखिले का वादा करने का दावा

क्यूल ने आरोप लगाया कि घटना के बाद ट्रम्प ने उन्हें इस बारे में किसी से कुछ नहीं कहने को कहा। साथ ही अमेरिका का वीजा दिलाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिले में मदद करने का वादा दोहराया। इसके लिए उन्होंने अपने करीबी सहयोगी पाओलो जाम्पोली की मदद लेने की बात कही थी।

क्यूल के अनुसार, अमेरिका पहुंचने के बाद उनका पासपोर्ट ले लिया गया था, जिसके कारण वह प्रतियोगिता बीच में छोड़कर नहीं जा सकीं। स्विट्जरलैंड लौटने के बाद उन्होंने हवाई में होने वाली ट्रम्प प्रायोजित एक अन्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया।

रिपोर्ट में दूसरी महिलाओं के आरोपों का भी जिक्र

डेमोक्रेटिक सदस्यों की रिपोर्ट में ट्रम्प के खिलाफ अन्य महिलाओं की ओर से लगाए गए आरोपों का भी उल्लेख है। पूर्व मॉडल स्टेसी विलियम्स ने आरोप लगाया था कि जेफ्री एपस्टीन की मौजूदगी में ट्रम्प ने उन्हें गलत तरीके से छुआ था।

वहीं, केटी जॉनसन नाम से सामने आई एक शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 1994 में ट्रम्प और एपस्टीन ने एक 13 वर्षीय लड़की का यौन शोषण किया था। एक अन्य महिला, जिनकी पहचान जेन के रूप में बताई गई है, ने FBI को बताया था कि 14 साल की उम्र में एपस्टीन ने उनकी मुलाकात ट्रम्प से कराई थी। इन आरोपों को अदालत में साबित नहीं किया गया है।

ई. जीन कैरोल मामले में जिम्मेदार ठहराए जा चुके हैं ट्रम्प

ट्रम्प के खिलाफ पहले भी यौन उत्पीड़न के आरोप लग चुके हैं। 1997 में कारोबारी जिल हार्थ ने उन पर यौन उत्पीड़न और रेप की कोशिश का आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर किया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।

2016 में जेन डो नाम से दायर एक मुकदमे में ट्रम्प और जेफ्री एपस्टीन पर नाबालिग से रेप का आरोप लगाया गया था। यह मुकदमा भी सुनवाई से पहले वापस ले लिया गया।

इसके अलावा, पूर्व पत्रकार ई. जीन कैरोल ने ट्रम्प पर 1990 के दशक में न्यूयॉर्क के एक डिपार्टमेंटल स्टोर में यौन हमले का आरोप लगाया था। मई 2023 में एक सिविल जूरी ने ट्रम्प को यौन शोषण और मानहानि के लिए जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि, जूरी ने न्यूयॉर्क कानून के तहत रेप के दावे को साबित नहीं माना था।

व्हाइट हाउस ने आरोपों को किया खारिज

व्हाइट हाउस ने रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। प्रवक्ता लॉरेन बिस ने इसे राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि ट्रम्प को एपस्टीन से जुड़े मामलों में किसी गलत काम का दोषी नहीं पाया गया है। ट्रम्प भी एपस्टीन से जुड़े किसी अपराध में शामिल होने से लगातार इनकार करते रहे हैं।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की न्यायिक समिति के वरिष्ठ डेमोक्रेट सदस्य जेमी रास्किन ने मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है। 26 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट में कुल 11 महिलाओं से जुड़े विवरण हैं, जिनमें पांच ने ट्रम्प पर सीधे यौन उत्पीड़न या रेप के आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में शामिल आरोपों पर अब तक कोई नया आपराधिक दोषसिद्धि का फैसला नहीं आया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now