नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के 11 नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ दायर याचिका पर आज (13 अक्टूबर) सुनवाई नहीं हो पाएगी। सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री ने याचिका में करीब 14 खामियां (14 Flaws)बताई हैं। इन कमियों को दूर करने के बाद ही मामला सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हो सकेगा।
याचिका 12 अक्टूबर शाम करीब 4:37 बजे दायर की गई थी। इसमें वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान बड़े पैमाने पर नाम हटाने और अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। याचिकाकर्ताओं में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, संजय राउत, एमए बेबी, डी. राजा, महुआ मोइत्रा, सुप्रिया सुले और ई.टी. मोहम्मद बशीर शामिल हैं।
रजिस्ट्री ने बताई ये मुख्य खामियां
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आईडी कार्ड की कॉपी धुंधली है।
कोर्ट फीस 220 रुपये कम जमा की गई।
कुछ पन्ने गायब हैं या पढ़ने लायक नहीं हैं।
9 याचिकाकर्ताओं का वकालतनामा (लिखित सहमति) नहीं लगा।
पुराने फैसलों की कॉपी नहीं दी गई।
कुछ लोगों को नाम से प्रतिवादी बनाया गया है।
रजिस्ट्री ने साफ कहा है कि धुंधले दस्तावेज और बाकी कमियों को ठीक करने के बाद ही केस को सूचीबद्ध किया जाएगा। याचिका में भारतीय चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी को पक्षकार बनाया गया है।
याचिका में क्या मांग की गई है?
विपक्षी नेताओं ने रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जज की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र समिति बनाने की मांग की है। इसमें तकनीकी विशेषज्ञ और प्रतिष्ठित नागरिक भी शामिल हों। समिति SIR के दौरान हटाए गए नामों और बदलावों का स्वतंत्र ऑडिट करे।
सोमवार को राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करके पहुंचे थे। इससे पहले 10 अक्टूबर को सांसदों ने राष्ट्रपति भवन तक मार्च किया और ज्ञापन दिया था। 11 अक्टूबर को CJI से मुलाकात का अनुरोध किया गया था, लेकिन CJI ने इनकार करते हुए कोर्ट में याचिका दायर करने को कहा था। आज राहुल गांधी ने अपने आवास पर लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों को चाय पर बुलाया है। दोपहर में इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होनी है, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है।
सुप्रीम कोर्ट तक मार्च के मामले में दिल्ली पुलिस ने बाराखंभा रोड और तिलक मार्ग थानों में 4 FIR दर्ज की हैं।








