सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने गांजा (Ganja) तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 38 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं।
मामले का खुलासा एक ट्रक के पलटने के बाद हुआ। ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पुलिस को संदेह हुआ और जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा तस्करी के लिए ट्रक का इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी में शामिल फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के बाद तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।








