रायपुर। नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में वन्यजीवों के उपचार, देखभाल और पुनर्वास की व्यवस्था को और बेहतर करने की तैयारी है। इसके लिए गुजरात के जामनगर स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से जुड़े वन्यजीव संरक्षण एवं पुनर्वास केंद्र ‘वंतारा’ के साथ सहमति पत्र (MoU) करने की तैयारी की जा रही है।
प्रस्तावित साझेदारी के तहत जंगल सफारी में बीमार और घायल वन्यजीवों के उपचार के लिए वंतारा के विशेषज्ञों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का सहयोग लिया जा सकेगा। इससे वन्यजीवों के इलाज और स्वास्थ्य निगरानी की मौजूदा व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने में मदद मिलेगी।
MoU के तहत आपात स्थिति में रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों के पुनर्वास, पोषण और स्वास्थ्य निगरानी के लिए भी विशेषज्ञ सहयोग मिलने की उम्मीद है। वन्यजीवों की जरूरत के मुताबिक उनके इलाज और देखभाल की आधुनिक पद्धतियों को अपनाने पर भी काम किया जाएगा।
इस साझेदारी का एक अहम पहलू तकनीकी और विशेषज्ञ आदान-प्रदान भी होगा। जंगल सफारी के वन्यजीव चिकित्सकों और कर्मचारियों को आधुनिक चिकित्सा तकनीक, उपचार प्रक्रिया और वन्यजीवों की देखभाल से जुड़ी विशेषज्ञ जानकारी का प्रशिक्षण मिल सकेगा।नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में दुर्लभ और संकटग्रस्त वन्यजीवों के संरक्षण और ब्रीडिंग कार्यक्रमों को भी इस सहयोग से मजबूती मिलने की उम्मीद है। आधुनिक चिकित्सा और वैज्ञानिक देखभाल की व्यवस्था से वन्यजीवों के स्वास्थ्य प्रबंधन को बेहतर किया जा सकेगा।
MoU पर हस्ताक्षर और इसके लागू होने के बाद नवा रायपुर जंगल सफारी में वन्यजीव चिकित्सा, रेस्क्यू, पुनर्वास और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल होगी।









