रायपुर। IPS रतन लाल डांगी से जुड़े मामले में हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई के बीच बड़ा अपडेट सामने आया है। जांच अधिकारी बदलने की मांग को लेकर पीड़िता की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दायर किए जाने के बाद पुलिस विभाग ने कोर्ट को जांच में बदलाव की जानकारी दी है।
पुलिस विभाग ने हाईकोर्ट को बताया कि पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने जांच अधिकारी बदलने का प्रस्ताव भेजा है। DGP की ओर से यह प्रस्ताव गृह विभाग के प्रमुख सचिव को भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, IPS दीपांशु काबरा को नया जांच अधिकारी बनाया गया है, जबकि IPS प्रशांत कुमार अग्रवाल को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है।
दरअसल, पीड़िता ने प्राथमिक जांच में पक्षपात का आरोप लगाया था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि मौजूदा जांच प्रक्रिया में निष्पक्षता नहीं बरती गई और IPS रतन लाल डांगी को बचाने की कोशिश की जा रही है। पहले जांच अधिकारी एडीजी आनंद छाबड़ा थे।
अब पुलिस विभाग की ओर से जांच अधिकारी बदलने की जानकारी हाईकोर्ट के सामने रखे जाने के बाद मामले की आगे की कार्रवाई हाईकोर्ट की निगरानी में आगे बढ़ेगी। मामले में अगले सप्ताह फिर सुनवाई होगी।









