रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी।
हालांकि, इस आयोजन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकारी मशीनरी की भूमिका और खर्च को लेकर सवाल उठाए हैं।
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया में लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 साल के सार्वजनिक जीवन का उत्सव भारतीय जनता पार्टी मनाती है तो उस पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन सवाल तब उठता है, जब मुख्यमंत्री स्तर पर बैठकें हों और विभाग प्रमुखों तथा कलेक्टरों के माध्यम से कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी कराई जाए।‘
भूपेश बघेल ने आगे लिखा कि यदि यह सरकारी कार्यक्रम है तो इतने बड़े पैमाने पर दीए, बाती और तेल की खरीद का खर्च कौन उठा रहा है और इसकी राशि किस मद से खर्च की जाएगी?
भूपेश बघेल ने दावा किया है कि छत्तीसगढ़ में डेढ़ करोड़ से अधिक और रायपुर शहर में करीब 25 लाख, जबकि रायपुर जिले में करीब 31 लाख दीए जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने की अपील, 17 सितंबर को 7 बजे दीया जलाएं
विष्णु देव साय ने इसे ‘जनसेवा और जनभागीदारी का व्यापक उत्सव’ बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं और इसी अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर परिवार से अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने और आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इससे जोड़ने की अपील की है।
इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीरा के पसरे पर रखे मिट्टी के दीयों को देखा और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए वहीं से एक दीया खरीदा। इस दीए के एवज में मुख्यमंत्री ने महिला को एक हजार रुपए दिए।








