रायपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा (JP Nadda) से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र मुंगेली जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का मुद्दा उठाया और इसके लिए केंद्र सरकार से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
तोखन साहू ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को बताया कि मुंगेली जिला मुख्यालय में अभी मेडिकल कॉलेज नहीं है, जिसके कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के लिए दूसरे जिलों का रुख करना पड़ता है। मुंगेली से सबसे नजदीकी मेडिकल कॉलेज बिलासपुर में है, जो करीब 55 किलोमीटर दूर है।
मुंगेली में मेडिकल कॉलेज की मांग
तोखन साहू ने कहा कि मुंगेली में मेडिकल कॉलेज खुलने से जिले के छात्रों को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही जिले और आसपास के ग्रामीण व दूरस्थ इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया और पहल आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
तोखन साहू का कहना है कि मुंगेली जिले के विकास और क्षेत्रवासियों की जरूरतों से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार के सामने प्राथमिकता के साथ उठाया जा रहा है। अब देखना होगा कि मुंगेली में मेडिकल कॉलेज की मांग पर केंद्र सरकार की ओर से आगे क्या पहल होती है।







