नितिन नवीन की नई टीम से पहली मुलाकात, चुनावी रणनीति पर मंथन, आज मुख्यमंत्रियों से भी बैठक

नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में अपनी नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम के साथ पहली औपचारिक बैठक की। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम के छहों अंतरों के गायन से हुई। नितिन नवीन आज बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ भी अलग से बैठक करेंगे।

नवीन ने अध्यक्ष पद संभालने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को नई कार्यकारिणी का ऐलान किया था। 65 सदस्यों वाली इस टीम में 51 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। इसमें 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव हैं। यह उनके कार्यकाल का पहला बड़ा संगठनात्मक बदलाव है और 2015 के बाद पार्टी में इतने व्यापक स्तर का फेरबदल माना जा रहा है।

टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विनोद तावड़े, सुनील बंसल और अनुराग ठाकुर को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। पीयूष गोयल कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष संगठन महासचिव के पद पर बने रहे हैं। युवा मोर्चा की कमान हेमांग जोशी को दी गई है, जबकि आईटी सेल का जिम्मा दीपक म्हास्के को सौंपा गया है।

टीम में कुल 12 महिलाएं शामिल हैं। वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। स्मृति ईरानी महासचिव के रूप में शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक तीन महिलाओं को जगह मिली है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now