Weather update : मानसून अब पूरे रौद्र रूप में है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 8 घंटों के अंदर देश के 13 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ-साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
इन 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 20 से 26 जुलाई तक उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत में मानसून बेहद सक्रिय रहेगा।
राज्यवार मौसम अपडेट:
उत्तर प्रदेश
पूर्वी यूपी में आज रेड अलर्ट है। 21 जुलाई को कई जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। 22 से 24 जुलाई तक पूर्वी यूपी और 23 से 25 जुलाई तक पश्चिमी यूपी में भारी बारिश का दौर रहेगा। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज समेत लगभग सभी जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी है।
बिहार
21 से 26 जुलाई तक पूरे राज्य में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर, समस्तीपुर, वैशाली समेत सभी प्रमुख जिलों में अलर्ट जारी।
दिल्ली-NCR
आज और कल हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश संभव। 30-50 km/h की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 22 जुलाई को भी यही स्थिति बनी रहेगी।
उत्तराखंड
21 से 26 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट। 21 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश। देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी समेत सभी पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा।
हिमाचल प्रदेश
20-21 और 23-25 जुलाई को भारी बारिश, कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश। शिमला, मनाली, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन, सिरमौर समेत पूरे राज्य में अलर्ट।
जम्मू-कश्मीर
20-21 जुलाई को भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश। 22-23 जुलाई को भी बहुत भारी बारिश संभव। श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग, बारामूला समेत सभी जिलों में खतरा।
राजस्थान
पूर्वी राजस्थान में 20-25 जुलाई और पश्चिमी राजस्थान में 20-24 जुलाई तक भारी बारिश। 30-50 km/h की आंधी चलने के साथ बिजली गिरने की आशंका। जयपुर, अलवर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर समेत अधिकांश क्षेत्र प्रभावित।
अन्य राज्य
झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश जारी रहेगी। पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, नागालैंड आदि) में लगातार बारिश का सिलसिला।
मछुआरों के लिए चेतावनी:
IMD ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में खराब समुद्री हालात को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
सिक्किम में दर्दनाक हादसा
सोमवार को नामची जिले की समरदुंग सुरंग पर लैंडस्लाइड होने से टनल का एंट्री गेट बंद हो गया। अंदर फंसे 27 मजदूरों में से 8 की मौत हो चुकी है, जबकि 19 अभी भी फंसे हुए हैं। मीथेन गैस लीक होने से रेस्क्यू ऑपरेशन मुश्किल हो रहा है। पश्चिम बंगाल से स्पेशल गैस-रोधी टीम बुलाई गई है। देश के कई हिस्सों में मानसून की इस तबाही से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।









