रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक भाजपा नेता (BJP Leader) द्वारा पटवारी और ऑपरेटर से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। ग्राम कंठी स्थित पटवारी कार्यालय में बुधवार दोपहर यह घटना हुई। यहां पटवारी प्रकाश मंडल अपने कार्यालय में मौजूद थे, तभी भाजपा एसटी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुजूर (मोनू) पहुंचे।
आरोप है कि आरआई के मोबाइल नंबर को लेकर पूछताछ के दौरान विवाद शुरू हुआ। पटवारी ने बताया कि संबंधित अधिकारी लंच पर गई हैं और उनका नंबर दीवार पर लिखा हुआ है, जिसे देखकर संपर्क किया जा सकता है। इसी बात पर आरोपी भड़क गया।
इसके बाद जितेंद्र कुजूर ने पटवारी से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए ऑपरेटर को भी पीटा गया। बताया जा रहा है कि पटवारी को बाहर खींचकर लात-घूंसे और डंडे से भी हमला किया गया। बचने के लिए पटवारी ने कार्यालय का दरवाजा बंद कर खुद को सुरक्षित किया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने देर रात एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इधर, पटवारी संघ ने इस घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। संघ ने आरोपी का जुलूस निकालने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है और चेतावनी दी है कि यदि सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालने की मांग भी की गई है।
वहीं, आरोपी जितेंद्र कुजूर भाजपा एसटी मोर्चा का मंडल अध्यक्ष बताया जा रहा है और सोशल मीडिया पर उसके कई वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वह राजनीतिक और सार्वजनिक हस्तियों के साथ नजर आ रहा है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।











