BJP नेता ने कार रोकने पर पुलिस को क्यों दी अंजाम भुगतने की धमकी? देखें वीडियो

BJP

रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब पीकर कार चला रहे एक BJP नेता ने पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा करते हुए पुलिसकर्मियों को धमकी दे दी। युवक ने खुद को भाजपा का प्रदेश पदाधिकारी बताते हुए कहा कि ‘आप लोग समझ नहीं रहे हैं, इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। अभी बुलाया हूं। थोड़ा इंतजार कीजिए।‘ घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामला तेलीबांधा इलाके में वीआईपी चौक के पास का है। जानकारी के मुताबिक 28 मार्च की रात तेलीबांधा इलाके में एक मॉल के सामने पुलिस की चेकिंग ड्यूटी लगी हुई थी। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर पुलिसकर्मी शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच कर रहे थे।

इसी दौरान कार से गुजर रहे राजू मित्रा को पुलिस ने रोक लिया। जांच करने पर उसके शराब पीकर गाड़ी चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करते हुए गाड़ी की चाबी मांगी और वाहन जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की।

इस पर राजू मित्रा पुलिस से बहस करने लगा। वायरल वीडियो में वह कहता दिखाई दे रहा है कि ‘मैं प्रदेश पदाधिकारी हूं, फिर भी आप लोग नहीं समझ रहे। छोटा-मोटा चालान काटकर छोड़ देते, थोड़ा बहुत शराब पीया हूं। इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।’

पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार विवाद करता रहा और धमकी देता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसकी कार जब्त कर ली।

राजू मित्रा के सोशल मीडिया प्रोफाइल में हिंदू जागरण मंच दुर्ग का जिलाध्यक्ष लिखा है। वहीं सोशल मीडिया पर उसके कई भाजपा नेताओं के साथ फोटो भी वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।

यह भी पढ़ें: पुलिस की बंदिशों के बीच रामनवमी की शोभायात्रा… शहर जाम से बचा

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now