Mamata Banerjee : पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची को लेकर बड़ा विवाद छिड़ गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कोलकाता के एस्प्लेनेड मेट्रो चैनल पर धरना शुरू कर दिया। वे SIR के बाद वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के खिलाफ विरोध कर रही हैं। ममता बनर्जी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह एक साजिश है, जिससे बंगाली मतदाताओं को वोट देने से रोका जा रहा है। उन्होंने दावा किया, ‘मैं भाजपा और चुनाव आयोग की इस साजिश को बेनकाब करूंगी।’
क्या है विवाद का मुख्य कारण?
पिछले साल नवंबर में शुरू हुई SIR प्रक्रिया के बाद 28 फरवरी 2026 को संशोधित वोटर लिस्ट जारी की गई। इसमें राज्य से 63.66 लाख (करीब 8.3%) नाम हटा दिए गए। इससे कुल मतदाताओं की संख्या 7.66 करोड़ से घटकर लगभग 7.04 करोड़ रह गई। इसके अलावा 60 लाख से ज्यादा मतदाताओं को ‘अंडर एडजुडिकेशन’ श्रेणी में डाल दिया गया है।
इनकी पात्रता आने वाले हफ्तों में तय होगी। ममता बनर्जी का आरोप है कि कई जीवित और वैध मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए। कुछ को तो मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा, ‘मैं ऐसे मतदाताओं को धरना स्थल पर लाकर दिखाऊंगी, जिन्हें चुनाव आयोग ने मृत बताकर सूची से निकाल दिया।’
हटाए गए नामों में अल्पसंख्यक समुदाय, प्रवासी मजदूर और गरीब वर्ग के लोग ज्यादा प्रभावित हुए हैं। TMC का कहना है कि SIR राजनीतिक मकसद से किया गया और पहले से ही एक करोड़ से ज्यादा नाम हटाने का लक्ष्य तय था। यह विरोध विधानसभा चुनाव से पहले हो रहा है, जहां TMC और BJP के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है।
धरने की घोषणा TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पहले ही कर दी थी। यह चुनाव आयोग के पूरे दल के राज्य दौरे से ठीक दो दिन पहले शुरू हुआ।
चुनाव आयोग की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं
चुनाव आयोग ने SIR को पारदर्शी और आवश्यक बताया था लेकिन TMC इसे लोकतंत्र पर हमला मान रही है। ममता बनर्जी ने धरने के दौरान कहा कि वे इस मुद्दे को और तेज करेंगी और आगे की रणनीति भी घोषित कर सकती हैं। यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया तनाव पैदा कर रहा है। मतदाता सूची में बदलाव से कई विधानसभा क्षेत्रों के चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।











