Ali Khamenei death : ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के 5 दिन बाद भारत ने औपचारिक रूप से शोक व्यक्त किया है। 28 फरवरी 2026 को अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में उनकी मौत हुई थी, जिसकी पुष्टि ईरानी राज्य मीडिया ने 1 मार्च को की। गुरुवार 5 मार्च को विदेश सचिव विक्रम मिसरी नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचे और वहां रखी गई शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भारत सरकार और जनता की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की, साथ ही द्विपक्षीय संबंधों के महत्व पर जोर दिया।
ईरान ने खामेनेई की मौत को ‘शहादत’ बताया और 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। हालांकि, इस घटना पर अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, विदेश मंत्री एस. जयशंकर या गृह मंत्री अमित शाह की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। भारत ने ईरान के साथ रणनीतिक संबंधों को ध्यान में रखते हुए विदेश सचिव स्तर पर यह कदम उठाया है लेकिन उच्च स्तर की चुप्पी से राजनीतिक हलकों में चर्चा हो रही है।











