ऑपरेशन सिंदूर को कांग्रेस का समर्थन, बताया सेना का साहसिक कदम

Operation Sindoor

नई दिल्ली। पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना की ओर से की गई मिसाइल कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने बुधवार को कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की आपात बैठक बुलाकर सशस्त्र बलों को समर्थन और शुभकामनाएं दीं। पार्टी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ (Operation Sindoor) के तहत किए गए इस साहसिक कदम की सराहना की।

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “हम भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, संकल्प और राष्ट्रभक्ति को सलाम करते हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर की गई निर्णायक कार्रवाई गौरवपूर्ण है।”

खरगे ने यह भी स्पष्ट किया कि पहलगाम आतंकी हमले के दिन से ही कांग्रेस पूरी मजबूती से सरकार और सेनाओं के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा, “सीमा पार से फैलने वाले आतंकवाद के खिलाफ देश की नीति स्पष्ट और दृढ़ है, और कांग्रेस हर स्तर पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए एकजुटता का आह्वान करती है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि जब-जब देश की अखंडता पर खतरा आया है, हमारे वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। आज फिर वही समय है जब हम सबको एक साथ खड़े होने की जरूरत है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है। जो भी कदम सरकार ने उठाया है, हम उसका समर्थन करते हैं और हमारे जवानों की राष्ट्रभक्ति को सलाम करते हैं।”

यह भी देखें : पहले पड़ोसी मुल्क को शांत होना पड़ेगा, तभी हमारी बंदूकें भी शांत होंगी

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now