लेंस न्यूज़ । दिल्ली-लखनऊ रूट पर चलने वाली तेजस एक्सप्रेस का नाम अस्थायी रूप से बदलने जा रहा है। अब इसे ‘स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस’ के नाम से जाना जाएगा। भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने कोका-कोला कंपनी को इस ट्रेन की ब्रांडिंग के विज्ञापन अधिकार दिए हैं।
ट्रेन नंबर 82501 और 82502 को 19 अगस्त 2026 से 11 नवंबर 2026 तक ‘स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस’ के नाम से चलाया जाएगा। यह व्यवस्था करीब तीन महीने के लिए है।
नया विज्ञापन मॉडल क्या है?
अब तक कंपनियां ट्रेनों के बाहर विज्ञापन या ब्रांडिंग करवा सकती थीं, लेकिन ट्रेन का आधिकारिक नाम नहीं बदला जाता था। इस बार पहली बार ब्रांड का नाम ट्रेन के नाम के साथ जोड़ दिया गया है। रेलवे ने निर्देश दिए हैं कि लखनऊ-दिल्ली-लखनऊ तेजस एक्सप्रेस को तय अवधि तक स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस के नाम से ही घोषित किया जाए।
टिकट और समय में कोई बदलाव नहीं
यात्रियों के लिए अच्छी खबर यह है कि टिकट के किराए में कोई बदलाव नहीं होगा। ट्रेन का समय, रूट और स्टॉपेज भी पहले जैसे ही रहेंगे। सिर्फ नाम के आगे ब्रांड जोड़ा गया है।
यात्रियों को क्या नया दिखेगा?
ट्रेन के बाहरी हिस्से पर स्प्राइट की थीम वाला रैप लगाया जाएगा। अंदर के डिब्बों में भी ब्रांड का प्रचार दिखाई देगा। बीच के स्टेशनों पर भी ट्रेन का नया नाम सुनाई देगा।
यह रेलवे का नया तरीका है, जिसमें ट्रेन की ब्रांडिंग को आधिकारिक नाम के साथ जोड़कर विज्ञापन दिया जा रहा है। अधिकार लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस के जरिए दिए गए हैं। यात्री अब 19 अगस्त से इस ट्रेन को नए नाम से सुनेंगे और देखेंगे।








