क्रिकेट की दुनिया में एक बड़ा विवाद खत्म हो गया है। ICC T20 World Cup 2026 के दौरान भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर जो सियासी और क्रिकेट ड्रामा चला वो अब सुलझ गया है। पाकिस्तान ने अपना बॉयकॉट फैसला वापस ले लिया और मैच खेलने को राजी हो गया। ये फैसला महज 10 दिनों में आया, जिसमें डिप्लोमेसी, पैसे का दबाव और क्रिकेट की भावना सब शामिल रही।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
T20 World Cup 2026 भारत और श्रीलंका मिलकर होस्ट कर रहे हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ऐलान किया कि वो भारत में मैच नहीं खेलेंगे। वजह बताई गई खिलाड़ियों की सुरक्षा की चिंता। भारत-बांग्लादेश के बीच चल रही सियासी तनातनी का असर क्रिकेट पर पड़ा। ICC ने BCB की मांग ठुकरा दी जिसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए 1 फरवरी को ऐलान किया कि वो 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगा।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इसे बांग्लादेश के साथ खड़े होने का फैसला बताया। क्रिकेट का सबसे बड़ा राइवलरी मैच कैंसिल होने की कगार पर आ गया। ICC की साख पर सवाल उठे और ब्रॉडकास्टर्स चिंता में पड़ गए।
पाकिस्तान ने U-टर्न क्यों लिया?
ये कोई अचानक लिया फैसला नहीं था। इसके पीछे कई दिनों की बैक-चैनल डिप्लोमेसी, हाई-लेवल मीटिंग्स और दबाव था। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ICC, BCB और दूसरे बोर्ड्स के साथ लाहौर में बैठक की। इसमें श्रीलंका, UAE जैसे मित्र देशों के अनुरोध शामिल थे। खासतौर पर शहबाज शरीफ ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से फोन पर बात की।
श्रीलंका ने गतिरोध सुलझाने की अपील की और 1996 वर्ल्ड कप की पुरानी दोस्ती याद दिलाई जब दूसरे देश डरते थे लेकिन भारत-पाकिस्तान ने वहां मैच खेले थे। 9 फरवरी को बांग्लादेश ने भी बयान जारी कर पाकिस्तान से मैच खेलने की अपील की। BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने कहा, “हम पाकिस्तान के समर्थन से प्रभावित हैं, लेकिन क्रिकेट के हित में मैच खेलो।” ICC ने X पर पोस्ट कर कन्फर्म किया कि पाकिस्तान सभी मैच खेलेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, PCB ने ICC से तीन डिमांड्स रखी थीं:
भारत के साथ बाइलेटरल सीरीज फिर शुरू करना
भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश की ट्राई-सीरीज
ICC से ज्यादा रेवेन्यू शेयर
ICC ने ये डिमांड्स रिजेक्ट कर दीं। मोहसिन नकवी ने कहा, “हमने बांग्लादेश के लिए स्टैंड लिया, खुद के लिए कुछ नहीं किया।” आखिरकार पाकिस्तानी सरकार ने 9 फरवरी को ऐलान किया कि ;मित्र देशों के अनुरोध पर’ टीम मैदान पर उतरेगी।
आर्थिक पहलू सबसे बड़ा था
क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बड़ा बिजनेस है। अगर IND vs PAK मैच नहीं होता तो ICC को ब्रॉडकास्ट, टिकट और स्पॉन्सरशिप से करीब 174 मिलियन डॉलर (1,579 करोड़ रुपये) का नुकसान होता। कुछ रिपोर्ट्स में आंकड़ा 300 मिलियन डॉलर तक बताया गया। मैच के ऐलान के बाद मुंबई-कोलंबो फ्लाइट टिकट्स 10-60 हजार रुपये बढ़ गईं , फैंस की एक्साइटमेंट साफ दिख रही है। IND vs PAK मैच टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कमाई का जरिया है।
बांग्लादेश में चुनाव होने के कारण भारत-विरोध को राजनीतिक हथियार बनाया गया। पाकिस्तान और बांग्लादेश ने मिलकर BCCI के प्रभुत्व को चुनौती दी – संदेश ये कि बोर्ड एकजुट हों तो ICC झुक सकता है। लेकिन सबसे दुखद बात 1971 में भारत ने बांग्लादेश को पाकिस्तान से आजादी दिलाई, लाखों बलिदान दिए। आज बांग्लादेश ने वो इतिहास भुलाकर पाकिस्तान का साथ दिया ये भारत के लिए रणनीतिक चिंता की बात है।
ICC ने बांग्लादेश पर कोई जुर्माना नहीं लगाया, उल्टा 2028-2031 के बीच बड़ा टूर्नामेंट होस्ट करने का वादा किया। ICC ने कहा, “बांग्लादेश में 20 करोड़ फैंस हैं, हम क्रिकेट विकास पर फोकस करेंगे।” ये फैसला ICC की निष्पक्षता पर सवाल उठाता है , बहिष्कार के बदले इनाम? BCCI ने इसे ‘विन-विन’ बताया और ICC का शुक्रिया अदा किया।
भारत को नुकसान या फायदा?
शॉर्ट टर्म में BCCI की ताकत को चुनौती मिली, राजनीतिक ड्रामा से क्रिकेट की इमेज खराब हुई। लॉन्ग टर्म में ये सबक है कि क्रिकेट डिप्लोमेसी मजबूत करनी होगी। मैच होने से फैंस खुश, टूर्नामेंट सफल और ICC का बड़ा नुकसान टला।











