रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय 60वीं DG-IG कॉन्फ्रेंस (DG-IG Conference) का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। आईआईएम रायपुर में हो रही यह कॉन्फ्रेंस में देशभर की आंतरिक सुरक्षा, उग्रवाद, आतंकवाद, संगठित अपराध और आधुनिक पुलिसिंग पर केंद्रित है।
इस सम्मेलन में शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, रॉ चीफ पराग जैन और आईबी चीफ तपन डेका भी मौजूद रहे।
वहीं, इस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायपुर पहुंच गए। रायपुर एयरपोर्ट में अमित शाह, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका स्वागत किया। वे दो रात नवा रायपुर में स्पीकर हाउस में रुकेंगे। दो दिनों के लिए स्पीकर हाउस को अस्थाई पीएमओ बनाया गया है। पीएम मोदी सुबह साढ़े 8 बजे से आईआईएम रायपुर में कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह कॉन्फ्रेंस केवल समीक्षा तक सीमित नहीं रही, बल्कि समस्याओं के समाधान, नई रणनीतियों और नीति निर्माण का महत्वपूर्ण फोरम बन चुकी है।
गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की रणनीति और सुरक्षा बलों की कड़ी मेहनत के कारण नक्सलवाद अब लगभग समाप्ति की कगार पर है।
उन्होंने दावा किया कि अगली DG कॉन्फ्रेंस से पहले देश नक्सलवाद की समस्या से पूर्णतः मुक्त हो जाएगा। नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या में भारी कमी हुई है। 2014 में नक्सल प्रभावित जिले 126 थे, जो 2025 में घटकर 11 हो गए हैं।
इसके पीछे उन्होंने पिछले सात वर्षों में 586 फोर्टिफाइड पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाने को बड़ी उपलब्धि बताया।
तीन बड़े हॉटस्पॉट समाधान की ओर
अमित शाह ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से देश के लिए नासूर बने तीन क्षेत्रों नक्सल प्रभावित क्षेत्र, नार्थ-ईस्ट और जम्मू-कश्मीर का स्थायी समाधान मोदी सरकार के शासन में संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में ये क्षेत्र भी देश के अन्य हिस्सों की तरह शांत और विकसित दिखाई देंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने NIA को मजबूत किया। UAPA कानून को सुदृढ़ बनाया। तीन नए आपराधिक कानून लागू किए और नारकोटिक्स और भगोड़ों के खिलाफ कठोर कानून बनाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों नए क्रिमिनल लॉ के पूर्ण लागू होने के बाद भारत की पुलिसिंग विश्व की सबसे आधुनिक पुलिसिंग होगी।
PFI पर कार्रवाई केंद्र–राज्य समन्वय का उदाहरण
अमित शाह ने बताया कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) पर प्रतिबंध के बाद देशभर में उसके ठिकानों पर हुए छापे और गिरफ्तारियां केंद्र–राज्य तालमेल का सबसे बेहतर उदाहरण है।
गृह मंत्री ने कहा कि कट्टरवाद, उग्रवाद और नशीले पदार्थों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई तीन सिद्धांतों पर आधारित है। इसमें Intelligence की Accuracy, Objective की Clarity और Action की Synergy है।
उन्होंने राज्यों को चेताया कि हमें ऐसा तंत्र बनाना है कि नार्को व्यापारियों और अपराधियों को देश में एक इंच भी जमीन न मिल पाए।
उन्होंने राज्यों की पुलिस को NCB के साथ मिलकर राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर के नशा-तस्करी गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई करने का आह्वान किया।
दिल्ली का गाजीपुर थाना बेस्ट पुलिस स्टेशन
कॉन्फ्रेंस में दिल्ली के गाजीपुर थाना को बेस्ट पुलिस स्टेशन का अवॉर्ड मिला। अंडमान और निकोबार के पहरगांव पुलिस स्टेशन को दूसरा और कर्नाटक के रायचूर जिले के कवितला पुलिस स्टेशन को तीसरा स्थान मिला। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश के टॉप-3 पुलिस स्टेशनों को सम्मानित किया। थानों का चयन कुल 70 से ज्यादा कैटेगरी आधारित पैरामीटर्स पर किया गया।










