संगीता बरूआ बनीं प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की पहली महिला अध्यक्ष

December 15, 2025 1:38 PM

नई दिल्ली। भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। वरिष्ठ पत्रकार संगीता बरूआ पिशारोती (Sangeeta Barooah) प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) की नई अध्यक्ष चुनी गई हैं। क्लब के 67 साल के इतिहास में पहली बार कोई महिला इस शीर्ष पद पर पहुंची है। साथ ही, वे उत्तर-पूर्व भारत से आने वाली पहली पत्रकार हैं जो इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

चुनाव में संगीता ने बड़ी जीत हासिल की। उन्हें 1019 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अतुल मिश्रा को 129 और अरुण शर्मा को इससे कम वोट प्राप्त हुए। जीत के बाद संगीता ने पत्रकार समुदाय का धन्यवाद किया और कहा कि वे मीडिया में विविधता और हर आवाज की जगह बनाने के लिए काम करेंगी। उनकी इस जीत को लैंगिक समानता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इन चुनावों में अन्य पदों पर भी नए चेहरे चुने गए। जतिन गांधी उपाध्यक्ष बने जबकि अफजल इमाम महासचिव चुने गए। पी. आर. सुनील कुमार संयुक्त सचिव और अदिति राजपूत कोषाध्यक्ष के पद पर बिना विरोध के निर्वाचित हुए।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया देश के प्रमुख पत्रकार संगठनों में से एक है, जहां मीडिया से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है। संगीता की जीत से उम्मीद है कि क्लब अब और ज्यादा समावेशी बनेगा और क्षेत्रीय तथा महिला पत्रकारों की आवाज मजबूत होगी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now