नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली
रूस ने हाल के महीनों में यूक्रेन पर अपने सबसे बड़े हमलों में से एक को अंजाम दिया है । यूक्रेनी सेना के अनुसार, पिछले 24 घंटों में रूस ने लगभग 1,000 ईरानी ड्रोनों से हमला किया। इनमें से 550 से ज्यादा ड्रोनों को पूरे देश में अलग अलग लक्ष्यों पर दागा गया,इसे अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक बताया जा रहा है।
राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों में देश भर में कम से कम 40 लोग घायल हुए, जिनमें पांच बच्चे शामिल हैं।इवानो-फ्रैंकिवस्क क्षेत्र में कम से कम दो लोग मारे गए। क्षेत्रीय गवर्नर स्वितलाना ओनिशचुक ने यह जानकारी दी। मारे गए लोगों में एक नेशनल गार्ड सैनिक और उनकी 15 वर्षीय बेटी शामिल हैं।
वे अस्पताल के प्रसूति वार्ड में सैनिक की पत्नी से मिलने गए थे, जिन्होंने कुछ दिन पहले एक बेटे को जन्म दिया था।इस क्षेत्र में चार अन्य लोग घायल हुए, जिनमें एक 6 वर्षीय बच्चा भी शामिल है।इन ड्रोनों पर यूक्रेन के अत्याधुनिक इंटरसेप्टर्स नाकाफ़ी रहे।
विन्नित्सिया में एक 59 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हुए, मेयर सेरही मोर्गुनोव ने बताया।ल्वीव शहर में कम से कम 22 लोग घायल हुए, मेयर आंद्रेई सदोवी ने कहा।यूक्रेनी वायुसेना के प्रवक्ता यूरी इग्नात ने कहा:“यह सबसे बड़े हमलों में से एक था।”
ड्रोनों को मुख्य रूप से मध्य और पश्चिमी यूक्रेन की ओर निर्देशित किया गया था।यूक्रेनी वायुसेना ने बताया कि कम से कम 15 जगहों पर हमले हुए और 541 ड्रोनों को मार गिराया गया या निष्क्रिय कर दिया गया।हमलों में आवासीय भवन और शहर के केंद्र प्रभावित हुए।
इवानो-फ्रैंकिवस्क में एक प्रसूति अस्पताल को नुकसान पहुंचा। ल्वीव में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल बरनार्डाइन मठ कॉम्प्लेक्स के एक चर्च भवन को भी नुकसान पहुंचा। ल्वीव क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख माक्सिम कोजित्स्की ने बताया कि यह राष्ट्रीय महत्व का वास्तुशिल्प स्मारक है और आग ने कॉम्प्लेक्स के आसपास की इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया है।
ज़ेलेंस्की ने अपने रात के संबोधन में कहा:“रूस द्वारा आधुनिकीकृत ईरानी ‘शाहेद’ ड्रोनों ने ल्वीव के चर्च पर हमला किया है – यह पूर्ण विकृति है, और केवल पुतिन जैसे व्यक्ति ही इससे खुशी महसूस कर सकते हैं।”उन्होंने आगे कहा: “इस हमले का पैमाना स्पष्ट रूप से दिखाता है कि रूस को युद्ध समाप्त करने की कोई वास्तविक मंशा नहीं है।”दूसरी ओर, रूस में कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हुए।









