सीएम रेवंत का पीएम मोदी से सवाल “पाकिस्‍तान ने कितने राफेल विमान मार गिराए ?”

May 30, 2025 8:54 PM
Revanth Reddy on Rafale

नेशनल ब्यूरो/नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी से यह पूछकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ हालिया सीमा गतिरोध में “पाकिस्तान ने कितने राफेल लड़ाकू विमान मार गिराए?” महत्वपूर्ण है कि भारतीय मीडिया और सत्ता प्रतिष्ठान ने राफेल को मार गिराए जाने की खबर को फेक न्यूज को श्रेणी में ही माना हैं। पीआईबी के प्रेस रिलीज के माध्यम से भी इस खबर का खंडन किया गया था।

सिकंदराबाद में एक सभा को सम्बोधित करते रेवंत ने कहा कि “सिकंदराबाद छावनी के सैनिक युद्ध का हिस्सा थे। तेलंगाना में निर्मित युद्धक विमानों ने हमारे देश के सम्मान की रक्षा की। नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए राफेल विमानों को पाकिस्तान ने मार गिराया। इस बात पर कोई चर्चा नहीं हुई कि कितने राफेल मार गिराए गए। नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए कि हाल ही में हुए युद्ध के दौरान पाकिस्तान ने कितने राफेल विमान मार गिराए। आप हमें इसका हिसाब दें।”

यह बात ऐसे दिन कही जा रही है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पाकिस्तान में भारत के जवाबी हमलों के दौरान सशस्त्र बलों के योगदान की सराहना की है। उधर, दूसरी तरफ सुब्रहमण्यम स्वामी ने एक यूट्यूब इंटरव्यू में पांच राफेल गिराने का दावा करके नया विवाद पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि फ़्रांस द्वारा दिए गए राफेल की गुणवत्ता अच्छी नहीं है। गौरतलब है कि फ्रांसीसी मीडिया का दावा है कि भारत 114 फाइटर जेट की खरीदी में डस्सॉल्ट द्वारा निर्मित राफेल के ऍफ़ -4 विमानों को पहली तरजीह दे रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now