अहमदाबाद विमान हादसे में मरने वालों का आंकड़ा 275, प्लेन में फंसा एक शव और मिला

June 15, 2025 1:51 PM
AI 171

अहमदाबाद। अहमदाबाद प्लेन क्रैश हादसे में अब तक 275 लोगों के शव मिल चुके हैं। शुक्रवार तक 270 शव मिले थे। शनिवार को 5 और शव मिले हैं, जिनमें से एक शव प्लेन की टेल में फंसा हुआ मिला। शनिवार को मलबा हटाने के दौरान यह शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि प्लेन में फंसा शव क्रू मेंबर का हो सकता है। अब इस शव की सभी क्रू मेंबर्स के परिजनों के डीएनए से मिलान किया जाएगा। अभी तक 7 शवों की ही पहचान हो सकी है। मृतकों के DNA सैंपलिंग का काम चल रहा है।

जानकारी के अनुसार बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल से मलबा हटाने के दौरान शव मिला है। सिविल अस्पताल के बाहर परिजनों की भारी भीड़ है। अस्पताल के पोस्टमॉर्टम यूनिट के आसपास बाहरी लोगों की एंट्री बंद है।

बता दें कि गुरूवार को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरते ही एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया। विमान में 242 लोग सवार थे। इनमें से एक यात्री जिंदा बच गया। बाकी सभी यात्रियों, क्रू मेंबर और दोनों पायलट की मौत हो गई है। विमान क्रैश होने के बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के यूजी हॉस्टल से टकराया। इससे हॉस्टल की कैंटीन में खाना खा रहे डॉक्टर और उनके पैरेंट्स चपेट में आए। इसके अलावा हॉस्टल के आसपास रह रहे अन्य लोग भी चपेट में आए। पुलिस के अनुसार प्लेन के अलावा अब तक करीब 34 अन्य लोगों के शव मिले हैं। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचे।

हादसे से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें : एयर इंडिया के प्लेन का ब्लैक बॉक्स मिला, अब तक 270 शव मिले, अब हर उड़ान से पहले बोइंग 787 की होगी जांच

प्लेन हादसे की जांच 8 एजेंसियां करेंगी। इसमें नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (NIA), एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS),  गुजरात पुलिस, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टीगेशन ब्यूरो (AAIB), डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA), यूनाइटेड किंगडम की एयर एक्सीडेंट्स इन्वेस्टीगेशन ब्रांच (UK-AAIB), यूनाइटेड स्टेट्स की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) शामिल हैं।

वहीं, अहमदाबाद प्लेन क्रैश से पहले विमान के पायलट सुमित सभरवाल का एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) को भेजा गया आखिरी मैसेज सामने आया है, जिसमें सुमित कह रहे हैं, ‘मेडे, मेडे, मेडे… थ्रस्ट नहीं मिल रहा। पावर कम हो रही है, प्लेन उठ नहीं रहा। नहीं बचेंगे।’

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now