पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा बदलाव, सलमान अली आगा बन सकते हैं तीनों फॉर्मेट के कप्तान

June 10, 2025 2:30 PM
PCB

स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर बड़े बदलाव की सुगबुगाहट है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान अली आगा को जल्द ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम का तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) का कप्तान बनाया जा सकता है। मौजूदा टेस्ट कप्तान शान मसूद की जगह सलमान को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। टाइम्स ऑफ़ इंडिया के रिपोर्ट के मुताबिक़ इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकता है।

क्यों हो रहा है बदलाव? सलमान का शानदार रिकॉर्ड

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपनी राष्ट्रीय टीम के ढांचे में सुधार करना चाहता है। बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी का मानना है कि सही लोगों को सही जिम्मेदारी दी जाए तो टीम का प्रदर्शन बेहतर होगा। इसके लिए कोच और कप्तान को टीम चुनने की ज्यादा आजादी दी जा सकती है। सलमान अली आगा, जो वर्तमान में टी20 टीम के कप्तान हैं, को टेस्ट और वनडे की कप्तानी भी सौंपी जा सकती है।

सलमान अली आगा ने हाल के वर्षों में अपने खेल से सभी को प्रभावित किया है। खासकर टी20 और वनडे में उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी ने टीम को कई मौकों पर मजबूती दी है। घरेलू क्रिकेट में उनके अनुभव ने उन्हें एक परिपक्व ऑलराउंडर बनाया है। सलमान का मानना है कि वह तीनों फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं और कप्तानी की जिम्मेदारी के लिए तैयार हैं।

शान मसूद का प्रदर्शन, नया चयन समिति और भविष्य की योजनाएं

शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान ने 12 टेस्ट मैचों में सिर्फ 3 जीत हासिल की हैं। नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र को देखते हुए पीसीबी एक नए कप्तान के साथ शुरुआत करना चाहता है। सूत्रों के अनुसार, सलमान की नियुक्ति की घोषणा नए टेस्ट कोच के साथ हो सकती है।

पीसीबी एक नई चयन समिति बनाने की योजना बना रहा है, जो घरेलू और जूनियर क्रिकेट से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खोजेगी। इसके अलावा, एक विशेष “निगरानी समिति” भी बनाई जा सकती है, जो क्रिकेट से जुड़े बदलावों पर नजर रखेगी और बोर्ड को सलाह देगी।

पाकिस्तान की टीम इस साल के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज खेलेगी, जो नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का पहला पड़ाव होगा। सलमान अली आगा के लिए यह एक बड़ा मौका होगा कि वह अपनी कप्तानी का दम दिखाएं। पाकिस्तान क्रिकेट के प्रशंसक इस बदलाव को लेकर उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि सलमान की अगुवाई में टीम नई ऊंचाइयों को छुएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now