पं रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में NSUI का अनिश्चितकालीन धरना, गर्ल्स हॉस्टल में पीलिया फैलने से हड़कंप

February 22, 2026 12:26 PM
PRSU

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (RSU) के गर्ल्स हॉस्टल में गंदे पानी की सप्लाई से 30 से अधिक छात्राओं के पीलिया से ग्रसित होने का मामला सामने आया है। वहीं 90 से अधिक छात्राओं के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। घटना के विरोध में NSUI ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

प्रशासन की कथित लापरवाही और हॉस्टल अधीक्षक के इस्तीफे की मांग को लेकर NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष एसएम पुनेश्वर लहरे अपने कार्यकर्ताओं और छात्राओं के साथ प्रशासनिक भवन के सामने घंटों धरने पर बैठे रहे। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। आंदोलनकारियों ने हॉस्टल में स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था और प्रभावित छात्राओं के समुचित उपचार की मांग उठाई।

धरना स्थल पर कुलपति के पहुंचने पर छात्र नेताओं के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। छात्र गंदा पानी बोतल में भरकर लाए थे। कुलपति ने मौके पर ही पानी पीकर जांच कराने का आश्वासन दिया। वहीं छात्राओं ने भी गंदे पानी को दिखाते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त की।

छात्र नेताओं ने कुलपति से हॉस्टल का तत्काल निरीक्षण करने का आग्रह किया, लेकिन वे टालते नजर आए। इस दौरान कुछ छात्र प्रतिनिधि जमीन पर लेटकर विरोध जताते हुए तत्काल कार्रवाई, जांच समिति के गठन और साफ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते दिखे। बाद में समझाइश के बाद छात्र प्रतिनिधि वापस लौटे।

अनिश्चितकालीन धरने में प्रदेश उपाध्यक्ष एसएम पुनेश्वर लहरे के नेतृत्व में प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल, प्रदेश सचिव मोनू तिवारी, उत्तर विधानसभा अध्यक्ष अनुज शुक्ला, उपाध्यक्ष अंकित बंजारे, ओझ पांडे, तनिष्क मिश्रा, इंडिया ग्रीतलहरे, असलान शेख, मनीष बांधे, शुभ, प्रियांशु मिंज, हर्ष वीर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now