शव के साथ प्रेमिका ने की शादी, माता-पिता पर लगाया प्रेमी की हत्‍या का आरोप

Nanded Honor Killing

लेंस डेस्‍क। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 21 साल की आंचल ने अपने प्रेमी 20 वर्षीय सक्षम ताते के शव के साथ शादी रचा ली। उसके बाद अपने पिता व दोनों भाइयों पर सक्षम की हत्या का आरोप लगाया। फिलहाल आंचल के माता-पिता और दो भाई पुलिस हिरासत में हैं।

आंचल ने मृत प्रेमी के शव को खुद हल्दी लगाई, फिर उसके घाव से निकले खून से अपनी मांग भर ली। अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच यह सब हुआ। यह घटना अंतरजातीय प्रेम के खिलाफ परिवार और समाज के क्रूर चेहरे को उजागर करती है।

दोनों की मुलाकात आंचल के भाइयों के जरिए ही हुई थी। आने-जाने के दौरान बात बढ़ी और तीन साल तक उनका रिश्ता चला। लेकिन जब परिवार को पता चला कि सक्षम अनुसूचित जाति से है, तो विरोध शुरू हो गया। आंचल के मुताबिक, घरवाले सक्षम से जबरन धर्म परिवर्तन करवाना चाहते थे और लगातार धमकियां दे रहे थे।

हत्या वाले दिन सुबह भी आंचल सक्षम से फोन पर बात कर रही थी। उसे जरा भी इल्म नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद उसका प्रेमी दुनिया में नहीं रहेगा। आंचल का दावा है कि उसके भाई उसे जबरन पुलिस स्टेशन ले गए और सक्षम के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने का दबाव बनाया।

जब उसने मना किया तो एक पुलिसकर्मी ने मजाक में भाई से कह दिया कि “फालतू केस लिखवाने से अच्छा है रास्ते से हटा दो”। आंचल कहती है कि उसके भाई ने इसे चुनौती समझ लिया और उसी दिन सक्षम की निर्मम हत्या कर दी।

अगले दिन अखबार में खबर पढ़कर आंचल को सच्चाई पता चली। कोई भी उसे बताने नहीं आया था। जब वह सक्षम के घर पहुंची तो चिता तैयार थी। वहीं उसने ठान लिया कि वह सक्षम को अंतिम विदा नहीं देगी, बल्कि हमेशा के लिए अपना बना लेगी। उसने शव पर हल्दी लगाई और खून से मांग भरी। इस तरह उसने मृत प्रेमी से विवाह कर लिया।

आंचल ने साफ कहा, “मेरे पापा-भाई हार गए। मेरा और सक्षम का प्यार जीत गया। मैं अब सक्षम की विधवा हूं और हमेशा उसके घर में रहूंगी।” उसने अपने पिता और भाइयों को फांसी की सजा देने की मांग की है। पुलिस ने आंचल के पिता, मां और दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दर्ज हो चुका है और जांच जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now