रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। सौर ऊर्जा पैनल (Solar Panel) लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन छू जाने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रोफेसर कॉलोनी में एक घर की छत पर यह हादसा हुआ। तीन मजदूर छत पर सोलर पैनल लगा रहे थे।
इसी दौरान छत के किनारे रखा सोलर पैनल गलती से पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को छू गया। पैनल को पकड़े हुए दो मजदूरों को तेज करंट लग गया और वे वहीं गिर पड़े। मृतकों की पहचानप्रमोद चंद्राकर और आशीष चंद्राकर के रूप में हुई है। तीसरा मजदूर इस हादसे में बाल-बाल बच गया।
पुलिस की कार्रवाई
पुरानी बस्ती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि काम के दौरान सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं किया गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों मजदूरों की हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें बचाया नहीं जा सका। ‘









