महाराष्ट्र निकाय चुनाव में महायुति का परचम, महाविकास आघाड़ी पस्‍त

December 21, 2025 10:19 PM
Maharashtra Election Result

मुंबई। महाराष्ट्र के नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के सभी 288 निकायों के परिणामों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। विपक्षी महाविकास आघाड़ी पिछड़ गई है।

भाजपा ने गठबंधन में सबसे मजबूत स्थिति बनाते हुए 127 निकायों में जीत दर्ज की है। शिंदे गुट की शिवसेना को 54 और अजित पवार की एनसीपी को 37 जगहों पर सफलता मिली। महायुति ने कुल 218 निकायों पर कब्जा किया।

वहीं महाविकास आघाड़ी का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा। कांग्रेस ने 31 निकायों में जीत हासिल कर आघाड़ी में सबसे बेहतर स्थिति बनाई, जबकि उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना को केवल 9 और शरद पवार गुट की एनसीपी को 7 जगहें मिलीं। कुल मिलाकर एमवीए के हिस्से में 47 निकाय आए। बाकी 23 पर अन्य पार्टियां या निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी।

ये परिणाम बताते हैं कि शहरों और छोटे कस्बों में लोगों ने महायुति को भरपूर समर्थन दिया, जिसमें भाजपा सबसे प्रमुख शक्ति के रूप में सामने आई। एमवीए में कांग्रेस ने कुछ हद तक अपनी स्थिति बचाई, लेकिन गठबंधन महायुति से काफी पीछे रहा।

ये चुनाव राज्य के छह प्रशासनिक संभागों में 2 दिसंबर और 20 दिसंबर को दो चरणों में हुए थे, जिनमें 246 नगर परिषद और 42 नगर पंचायतें शामिल थीं। कुल 1.07 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं (लगभग 53.80 लाख पुरुष, 53.23 लाख महिलाएं और 775 थर्ड जेंडर) ने 13,355 पोलिंग स्टेशनों पर वोटिंग की।

एकनाथ शिंदे ने क्‍या कहा…

इन चुनावों में भाजपा की बड़ी सफलता और शिंदे गुट की शिवसेना के अच्छे प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तीखा व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि नतीजों से पता चल गया है कि महाराष्ट्र में मूल शिवसेना कौन सी है। एमवीए के दलों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। भाजपा ने तो रिकॉर्ड जीत हासिल की, जबकि महायुति की शिवसेना और अजित पवार की पार्टी ने भी मजबूत दिखाया।

शिंदे ने प्रतिक्रिया में कहा कि भाजपा ने सेंचुरी ठोकी है, शिवसेना ने हाफ सेंचुरी पूरी की। विधानसभा की तरह यहां भी महायुति ने शानदार जीत दर्ज की, जो आने वाले नगर निगम चुनावों में भी दोहराई जाएगी। उन्होंने अपनी पार्टी के स्ट्राइक रेट की तारीफ की – कम जगहों पर लड़ने के बावजूद ज्यादा अध्यक्ष पद और पार्षद सीटें जीतीं।

शिंदे ने आगे कहा कि एमवीए की कुल जीतें भी शिवसेना से कम हैं। कुछ लोग कहते थे कि शिवसेना सिर्फ ठाणे तक सिमटी है, लेकिन अब ये साबित हो गया कि पार्टी बांद्रा से चंद्रपुर तक फैल चुकी है। उन्होंने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया, कहा कि धनुष-बाण का निशान छोटे शहरों तक पहुंच गया और कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया।

सीएम फडणवीस ने दी बधाई

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भाजपा की जीत पर बधाई देते हुए शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा – घर पर बैठे लोगों को जनता ने घर बिठा दिया। मतदाताओं ने फिर दिखा दिया कि असली शिवसेना कौन है। कुल मिलाकर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी, उसके बाद शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी, जबकि एमवीए में सिर्फ कांग्रेस ने थोड़ी बहुत सीटें बचाईं और ठाकरे-पवार गुटों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now