केरल तट के पास सिंगापुर के मालवाहक जहाज में धमाका, चार लापता, 50 कंटेनर समुद्र में गिरे

June 9, 2025 3:04 PM
Kerala coast Explosion

द लेंस डेस्‍क। अरब सागर में केरल के तट से करीब 315 किलोमीटर दूर एक सिंगापुर के मालवाहक जहाज एमवी वान हाई 503 पर भीषण विस्फोट हो गया है। हादसे के बाद जहाज पर सवार 22 क्रू मेंबर्स में से चार लापता हैं, जबकि पांच को गंभीर चोटें आई हैं।
यह जहाज कोलंबो से मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह की ओर जा रहा था, जब इसके निचले डेक में अचानक धमाका हुआ।

हादसे में जहाज पर लदे लगभग 600 कंटेनरों में से 50 से ज्यादा समुद्र में गिर गए। विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि यह किसी कंटेनर के भीतर से हुआ हो सकता है। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया। तटरक्षक बल के तीन पोत ICGS राजदूत, ICGS अर्नवेष, और ICGS सचेत घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। साथ ही, डोर्नियर निगरानी विमान भी क्षेत्र में तैनात है।

भारतीय तटरक्षक पीआरओ के अनुसार, यह 270 मीटर लंबा जहाज 7 जून को कोलंबो से रवाना हुआ था और 10 जून को न्हावा शेवा पहुंचने वाला था। लापता क्रू मेंबर्स की तलाश और घायलों के इलाज के लिए सघन अभियान चल रहा है। तटरक्षक बल स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और किसी भी अतिरिक्त नुकसान को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।





Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now