करूर भगदड़ हादसा, CBI ने फिर दर्ज की FIR, विजय कल पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात

Karur Stampede

तमिलनाडु के करूर में एक महीने पहले हुई भगदड़ (Karur Stampede)की घटना ने फिर से सुर्खियों में है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस मामले में एफआईआर दोबारा दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। उधर, अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) पार्टी के संस्थापक विजय 27 अक्टूबर को महाबलीपुरम में हादसे के शिकार 41 परिवारों से निजी तौर पर मिलेंगे। यह मुलाकात पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिसमें न तो मीडिया आएगा और न ही पार्टी के कार्यकर्ता।

सीबीआई की कार्रवाई, जांच का नया दौर शुरू

27 सितंबर को करूर में टीवीके की रैली के दौरान अचानक भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 41 लोगों की जान चली गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने शुरुआती एफआईआर दर्ज की थी लेकिन अब सीबीआई ने इसे दोबारा रजिस्टर कर लिया है। जांच एजेंसी अब घटना के हर पहलू की पड़ताल करेगी, जिसमें सुरक्षा इंतजामों की कमी और भीड़ प्रबंधन पर खास नजर रहेगी।

विजय की महाबलीपुरम में मीटिंग

हादसे के ठीक एक महीने बाद विजय पीड़ितों के घावों को मरहम लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी पार्टी ने महाबलीपुरम के एक लग्जरी रिसॉर्ट में करीब 50 कमरे बुक किए हैं। यहां विजय हर परिवार से अलग-अलग मिलकर सांत्वना देंगे। एक पीड़ित परिवार के सदस्य ने बताया “पार्टी ने हमारे लिए बस की व्यवस्था की है। हम कई लोग महाबलीपुरम जा रहे हैं। यह हमारे लिए सांत्वना का पल होगा।”लेकिन यह फैसला सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है। कुछ लोग कह रहें हैं कि विजय को खुद करूर पहुंचना चाहिए था, ताकि स्थानीय स्तर पर सहानुभूति दिखे। पार्टी का पक्ष है कि प्रशासन ने करूर जाने की इजाजत नहीं दी, इसलिए यह वैकल्पिक तरीका अपनाया गया।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories