ट्रंप ने ईरान के साथ बड़ी डील के दिए संकेत, लेकिन सैन्य कार्रवाई को लेकर कही ये बात…

iran us peace talks

लेंस डेस्‍क। अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक बातचीत को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बड़ी डील की संभावना बन रही है और आने वाले समय में कोई अहम समझौता हो सकता है।

ट्रंप ने ईरान के लोगों की सराहना करते हुए उन्हें अच्छा और सक्षम बताया, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने सख्त रुख भी दिखाया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि अगर तेहरान समझौते पर सहमत नहीं होता है, तो सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू की जा सकती है।

यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच कथित इस्लामाबाद वार्ता 2.0 को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज है। हालांकि आधिकारिक स्तर पर इस वार्ता के एजेंडे और प्रगति को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इसमें परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में ढील और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं।

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिका की पकड़ मजबूत है। यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है, जहां किसी भी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर तुरंत पड़ता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप का यह बयान कैरट एंड स्टिक (लुभाव और दबाव) की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। एक तरफ बातचीत और समझौते की बात, तो दूसरी तरफ सैन्य विकल्प की चेतावनी। अमेरिकी प्रशासन लंबे समय से ईरान पर दबाव बनाकर उसके परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने की कोशिश करता रहा है।

वहीं, ईरान की ओर से अब तक इस बयान पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पहले भी तेहरान स्पष्ट कर चुका है कि वह किसी भी समझौते में अपनी संप्रभुता और सुरक्षा हितों से समझौता नहीं करेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now