ईरान-इजरायल टकराव : भारत का यूरोपीय देशों से हवाई संपर्क टूटा, लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान तीन घंटे हवा में रहने के बाद मुंबई वापस

June 14, 2025 2:54 AM
Air India

नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली

लन्दन जा रहा एयर इंडिया का विमान बीच रास्ते से वापस लौट आया है। फ्लाइट रडार 24 के आंकड़ों से पता चलता है कि लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान तीन घंटे हवा में रहने के बाद मुंबई लौट आया। मुंबई-लंदन की यह उड़ान सुबह 5:39 बजे हवाई अड्डे से रवाना होने के बाद तीन घंटे तक हवा में रही।

दरअसल, ईरान पर इजरायली हमले के चलते भारत का यूरोप से हवाई संपर्क लगभग अवरुद्ध हो गया है । पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र पहले से ही बंद था और अब ईरान और साथ लगे हुए क्षेत्रों में भी सवारी और माल ढोने वाले हवाई जहाज उड़ नहीं सकते इसलिए अनेक फ्लाइट्स या तो कैंसिल हो गई हैं या उन्हें खाड़ी के देशों में ग्राउंड किया गया है । कुछ को वापस लौटा लिया गया है और कुछ का रूट बदल दिया गया है ।

एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि ईरान में स्थिति और उसके हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण उसकी कई उड़ानों का मार्ग या तो परिवर्तित किया जा रहा है या उन्हें अपने मूल स्थान पर वापस लौटना पड़ रहा है।

एयर इंडिया के बयान में कहा गया है, ‘हमें इस अप्रत्याशित व्यवधान के कारण हमारे यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हम इसे कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं, जिसमें यात्रियों के लिए आवास उपलब्ध कराना भी शामिल है। टिकट के रद्दीकरण या तिथि में परिवर्तन विकल्प चुनने वाले मेहमानों को रिफंड की पेशकश भी की जा रही है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।’

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now