लेंस डेस्क। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के चौथे सप्ताह ईरान ने अमेरिकी सेना के नुकसान से जुड़ा दावा कर दुनिया को चौंका दिया है। ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास एक ‘दुश्मन’ एफ-15 फाइटर जेट को मार गिराया है। यह घटना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 48 घंटे के अल्टीमेटम के कुछ घंटे बाद घटी है, जिसमें उन्होंने ईरान से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बिना किसी खतरे के खोलने को कहा था, वरना ईरान के पावर प्लांट्स पर हमले की धमकी दी थी।
इजरायली और अमेरिकी बलों की ओर से ईरान पर लगातार हवाई हमले जारी हैं, जबकि तेहरान ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। इस बीच ईरान के संयुक्त वायु रक्षा कमांड ने कहा कि देश के दक्षिणी तट पर होर्मुज द्वीप के निकट एक दुश्मन विमान हवाई क्षेत्र में घुसपैठ कर रहा था। रक्षा प्रणालियों ने इसे ट्रैक किया और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल दागकर उसे रोका।
ईरानी मीडिया आईआरआईबी और तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह कार्रवाई रूटीन डिफेंसिव ऑपरेशन का हिस्सा थी। सेना ने कहा कि विमान की स्थिति की जांच चल रही है और अभी तक उसके पूरे नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
इस दावे के साथ ईरानी मीडिया ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें इंफ्रारेड सिस्टम से लक्ष्य को ट्रैक करते हुए मिसाइल हमले का चमकदार फ्लैश दिख रहा है।
हालांकि, इस दावे की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिका या उसके मिडिल ईस्ट सहयोगी देशों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या इनकार नहीं आया है। पहले के कुछ समान दावों में यूएस सेंट्रल कमांड ने ईरानी दावों को ‘बेबुनियाद’ बताकर खारिज किया था, लेकिन इस ताजा घटना पर चुप्पी बनी हुई है।
फिलहाल, क्षेत्र में तनाव चरम पर है और होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने की आशंका से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।










