सरकारी जमीन पर अवैध प्लॉटिंग का खुलासा, जांच रिपोर्ट में बसंत अग्रवाल दोषी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के धरसींवा तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में जमीन कारोबारी बसंत अग्रवाल (Basant Agarwal) द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर प्लॉट काटकर बेचने की पुष्टि हुई है। जांच के आधार पर जिला प्रशासन ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

एसडीएम नंदकुमार चौबे ने बताया कि गिरौद गांव के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध प्लॉटिंग किए जाने की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार के माध्यम से जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि कारोबारी द्वारा कई खसरा नंबरों की सरकारी जमीन पर कब्जा कर नियम विरुद्ध प्लॉटिंग की गई है।

प्रशासन के अनुसार जांच प्रतिवेदन 18 फरवरी 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रायपुर को सौंपा गया था। रिपोर्ट में बताया गया कि ग्राम गिरौद में शासकीय चारागाह, निस्तारी और जल क्षेत्र की भूमि पर अवैध रूप से सड़क बनाकर प्लॉट काटे जा रहे थे।

जांच के दौरान खसरा नंबर 511/5, 630, 634, 636, 638 और 644 सहित अन्य जमीनों पर अतिक्रमण पाया गया। राजस्व अभिलेखों के अनुसार निस्तारी-धरसा के नाम दर्ज कुल 6.39 हेक्टेयर सरकारी भूमि में से लगभग 4.51 हेक्टेयर हिस्से में बसंत अग्रवाल द्वारा मुरुम सड़क बनाकर कब्जा किया गया। कुछ स्थानों पर बाउंड्रीवाल बनाकर भी जमीन घेरने के मामले सामने आए हैं।

जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि खसरा नंबर 634 में भी अवैध प्लॉटिंग के लिए मुरुम सड़क बनाकर अतिक्रमण किया गया। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हल्का पटवारी द्वारा मौके का निरीक्षण कर विस्तृत जांच की गई, जिसमें नियमों के विरुद्ध प्लॉटिंग की पुष्टि हुई।

एसडीएम ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए तहसीलदार को तीन बार निर्देश दिए जा चुके हैं। यदि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई नहीं होती है तो संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ राजस्व नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories