राजधानी में अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती के परिवार को किया ब्लैकमेल, मांगे 5 लाख रुपए

Blackmail

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक युवती के कथित अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती की मां को ब्लैकमेल (Blackmail) करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती की मां को बीच सड़क पर रोककर 5 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली टीआई सतीश सिंह गहरवार ने बताया कि टैगोर नगर इलाके की घटना है। यहां एक निजी अपार्टमेंट में रहने वाली महिला ने बताया कि 5 मार्च की रात करीब 10 बजे वह पुजारी पार्क के पीछे अपने पालतू कुत्ते को घुमाने गई थीं। इसी दौरान बैजनाथपारा निवासी हार्दिक जैन वहां पहुंचा और उन्हें रोककर धमकाने लगा। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ने महिला से कहा कि उसके पास उनकी बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो हैं। उसने कहा कि अगर परिवार की भलाई चाहती हो तो 5 लाख रुपए दे दो, नहीं तो इन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।

अचानक मिली इस धमकी से महिला घबरा गईं। उन्होंने उससे सवाल-जवाब करना शुरू किया, तभी आसपास कुछ लोग जमा हो गए। लोगों को देखकर आरोपी मौके से भाग निकला।

पीड़िता का आरोप है कि अगले दिन 6 मार्च की दोपहर करीब 4 बजे आरोपी ने उन्हें फोन कर दोबारा धमकी दी। उसने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो वह उनके पति पर चाकू से हमला कर देगा और उनकी बेटी को घर से उठाकर ले जाएगा।

लगातार मिल रही धमकियों से महिला और उनका परिवार काफी भयभीत है। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

यह भी पढ़ें : अफीम की खेती करने वाले BJP नेता को पार्टी ने किया सस्पेंड, खेत का दौरा करने पहुंचे भूपेश बघेल

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now