डॉक्टर निलंबन मामले में गोवा के स्वास्थ्य मंत्री ने मांगी माफी, बोले- मेरे शब्द गलत थे, मैं मरीज के लिए खड़ा था

June 10, 2025 12:02 AM
Goa Doctor suspension case

द लेंस डेस्‍क। गोवा में स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने डॉक्टर निलंबित मामले में आखिरकार माफी मांग ली है। वहीं मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हस्तक्षेप करते हुए डॉ. रुद्रेश कुट्टीकर के निलंबन को रद्द कर दिया।

इस मामले को लेकर गोवा के डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया था। कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और गोवा एसोसिएशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स जैसे संगठनों ने भी स्वास्थ्य मंत्री के रवैये की निंदा की और हड़ताल की चेतावनी दी। बताया जा रहा है कि बढ़ते विवाद को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी है।

दरअसल, शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री राणे ने गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) का अचानक दौरा किया था। इस दौरान उन्हें डॉ. रुद्रेश कुट्टीकर के खिलाफ मरीजों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिली। इस पर गुस्साए मंत्री ने डॉक्टर को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल निलंबन का आदेश दे दिया।

शुरु में स्वास्थ्य मंत्री ने माफी मांगने से इनकार किया था, लेकिन डॉक्टरों के संगठनों के विरोध और सार्वजनिक माफी की मांग के बाद उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की। स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “GMCH के दौरे के दौरान डॉ. रुद्रेश के साथ मेरे कठोर व्यवहार के लिए मैंने उनसे माफी मांग ली है।” राणे ने कहा कि मेरा इरादा ठीक था, लेकिन मेरे शब्द गलत थे, मैं केवल एक मरीज के लिए खड़ा हुआ था। मैं CMO से भी माफी मांगना चाहता हूं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now