मथुरा में फरसा बाबा कंटेनर से कुचलकर मौत, ट्रक ड्राइवर ने भी तोड़ दम, हाईवे पर भारी बवाल

March 22, 2026 8:22 PM
Farsa Wale Baba Accident

मथुरा। ब्रज क्षेत्र में ईद की सुबह बेहद तनाव पूर्ण हुई। ‘फरसा वाले बाबा’ की कंटेनर से कुचलकर मौत होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। फरसा वाले बाबा का असली नाम संत चंद्रशेखर है, वह गौरक्षक थे।

 घटना मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र के कोटवन चौकी के नवीपुर गांव के पास दिल्ली-आगरा हाईवे पर हुई। गौरक्षक बाबा गौ-तस्करों का पीछा कर रहे थे, तभी आरोपियों ने कंटेनर ट्रक से उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना शनिवार तड़के करीब 3-4 बजे के बीच बताई जा रही है।

फरसा बाबा का अंतिम संस्‍कार।

जानकारी के अनुसार, फरसा बाबा अपनी टीम के साथ गौ-तस्करों के कंटेनर को रोकने पहुंचे थे। समर्थकों का आरोप है कि तस्करों ने जानबूझकर तेज रफ्तार से गाड़ी चढ़ा दी। पुलिस ने इसे शुरू में सड़क दुर्घटना बताया। हादसे में ट्रक चालक भी घायल हुआ, लेकिन हर एंगल से जांच चल रही है। गौरक्षकों ने एक मुस्लिम युवक को मौके से पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं।

फरसा बाबा को टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर की भी इलाज के दौरान आगरा में मौत हो गई है। ड्राइवर खुर्शीद राजस्थान के अलवर का रहने वाला था। भारी बवाल और आखिरकार उच्‍चअधिकारियों के मान मनौव्‍वल के बाद फरसा बाबा का अंतिम संस्‍कार कर दिया गया है।

हाईवे पर बवाल और जाम

खबर फैलते ही सैकड़ों गौरक्षक और श्रद्धालु छाता कट के पास दिल्ली-आगरा हाईवे पर जमा हो गए। उन्होंने शव के साथ सड़क जाम कर दी, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटे ठप रहा। आक्रोशित भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया, पुलिस और एसडीएम की गाड़ियों को तोड़ा। कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और रबड़ की गोलियां चलाईं। आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि स्थिति काबू में है, हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, यहां तक कि सेना की टुकड़ी ने भी मोर्चा संभाला।

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने मीडिया को बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर कदम उठाया जा रहा है। नाकाबंदी लगाई गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। बाबा का पार्थिव शरीर कोसी से अंजनौख स्थित गौशाला ले जाया जा रहा है, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

एसएसपी श्लोक कुमार ने मीडिया को बताया कि ट्रक ड्राइवर खुर्शीद के ऊपर कोई मामला दर्ज नहीं है। आरोपों की अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है। पुलिस वाहनों पर पथराव और हाईवे पर हंगामा करने वाले आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

सीएम योगी और पूर्व सीएम अखिलेश ने क्‍या कहा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और अपराधियों को किसी हाल में बख्शे नहीं जाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को तत्काल दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई करने को कहा।

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर प्रदेश सरकार और पुलिस पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मथुरा में हत्या हुई। इससे पहले वाराणसी में बच्ची की हत्या और गोरखपुर में भी ऐसी घटनाएं हुईं। पुलिस भाजपा का काम कर रही है, इसलिए अपना काम नहीं कर रही। अगर पुलिस भाजपा का काम न करे तो भाजपा की सरकार गिर जाएगी। अब यहां कोई कानून-व्यवस्था नहीं बची है। अगर किसी को यह सीखना है कि चीजों को नफरत में कैसे बदला जाता है, तो वे भाजपा से सीख सकते हैं।” अखिलेश ने पूरे प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद होने का आरोप लगाया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now