Hormuz Strait पार कर मुंबई पहुंचा तेल टैंकर

Crude oil ship

लेंस डेस्‍क। मध्य पूर्व में ईरान, अमेरिका और इज़राइल के बीच चल रहे तनाव के बीच Hormuz Strait से गुजरकर कच्चे तेल लादकर एक तेल टैंकर सुरक्षित तरीके से मुंबई बंदरगाह पर पहुंच गया है। यह क्षेत्रीय संघर्ष शुरू होने के बाद ऐसा पहला जहाज है जो इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से होकर भारत तक पहुंचा है।

मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के अनुसार, Shenlong Suezmax नाम का यह लाइबेरिया ध्वज वाला टैंकर बुधवार को मुंबई पहुंचा। जहाज पर भारतीय कप्तान की कमान थी और यह सऊदी अरब के रास तनूरा बंदरगाह से 1 मार्च को कच्चा तेल लेकर निकला था।

गौरतलब है कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर और ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराघची के बीच इस बारे में पहले ही बातचीत हो चुकी थी, जिसके बाद ईरान से जहाज को गुजरने की अनुमति दी है। बताया जा रहा है इसके अलावा एक और जहाज मुंबई पहुंच सकता है।

कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि ईरान ने भारतीय हितों से जुड़े या गैर-अमेरिकी/इज़राइली जहाजों को सुरक्षित निकलने की छूट देने का फैसला किया है। संघर्ष बढ़ने के बाद इस इलाके में समुद्री यातायात लगभग रुक गया था, क्योंकि ईरान ने जवाबी कार्रवाई में कई लक्ष्यों पर हमले किए थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नौसेना के एक कमांडर ने पहले चेतावनी दी थी कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले सभी जहाजों को पहले उनकी अनुमति लेनी होगी, वरना उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने दावा भी किया कि उनकी चेतावनी की अनदेखी करने वाले दो जहाजों को नष्ट कर दिया गया।

ईरानी मीडिया के अनुसार, तेहरान ने इस मार्ग पर निगरानी और नियंत्रण बहुत सख्त कर दिया है, लेकिन अमेरिका या इज़राइल से जुड़े न होने वाले जहाजों को सुरक्षित निकलने की इजाजत दी जा रही है।

होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का एक बेहद अहम हिस्सा है। यहां से रोज़ाना करीब 2 करोड़ बैरल से ज्यादा कच्चा तेल गुजरता है, जो दुनिया की कुल तेल खपत का लगभग 20% और समुद्री रास्ते से होने वाले तेल व्यापार का करीब 25% होता है। साथ ही बड़ी मात्रा में प्राकृतिक गैस (LNG) भी इसी मार्ग से आती-जाती है। अगर यहां थोड़ी सी भी रुकावट आती है, तो वैश्विक तेल कीमतों, आपूर्ति श्रृंखला और आम लोगों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ता है।

यह भी देखें : भारत और ईरान के विरोधाभासी दावों में उलझा तेल का समुद्री परिवहन, विदेश मंत्रालय खामोश

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now