देशभर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ विधानसभा में सत्‍यमेव जयते लिखी तख्‍तियां लेकर पहुंचे विधायक

December 17, 2025 5:40 PM
Congress protest

रायपुर। मनरेगा का नाम बदले जाने और नेशनल हेराल्‍ड केस में दिल्‍ली की राउज एवन्‍यू कोर्ट के ईडी की चार्जशीट पर सुनवाई से इनकार के बाद आज कांग्रेस आक्रामक मूड में नजर आई। दिल्‍ली सहित कई राज्‍यों में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। भोपाल, छत्‍तीसगढ़, यूपी में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्‍कामुक्‍की भी देखने को मिली।

छत्तीसगढ़ में तो पूर्व सीएम भूपेश बघेल और नेता प्रतिप्रक्ष चरण दास महंत की अगुवाई में विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने सत्‍यमेव जयते लिखी तख्‍तियां लेकर प्रदर्शन किया। जिस पर खूब हंगामा देखने को मिला।

सत्ता पक्ष के विधायकों ने सदन में पोस्टर लेकर आने पर आपत्ति दर्ज कराई। आसंदी ने विधानसभा की परंपरा और व्यवस्था का हवाला देते हुए निर्देश दिया कि पोस्टर और बैनर बाहर रखकर ही प्रश्नकाल में भाग लिया जाए।

यह विरोध यंग इंडिया से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच पर दिल्ली की एक अदालत के हालिया फैसले से प्रेरित था। कांग्रेस का कहना है कि अदालत ने स्पष्ट रूप से माना कि ईडी की कार्रवाई उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर थी और बिना किसी एफआईआर के ऐसा कोई केस बनता ही नहीं। पार्टी नेताओं ने इसे केंद्र सरकार की दुर्भावनापूर्ण और अवैध हरकत करार दिया, जिसका मकसद प्रमुख विपक्षी दल और उसके शीर्ष नेतृत्व को बदनाम करना था।

कांग्रेस विधायकों का कहना था कि एजेंसियों का उपयोग विपक्षी दलों को दबाने और परेशान करने के लिए हो रहा है। इसी मुद्दे पर चर्चा कराने के लिए उन्होंने स्थगन प्रस्ताव पेश किया, लेकिन सभापति द्वारा इसे अस्वीकार कर देने पर कांग्रेस विधायक सदन के बीच में आकर नारे लगाने लगे। नतीजतन, विपक्ष के 34 सदस्यों को कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया, हालांकि थोड़ी देर बाद सभापति ने निलंबन वापस ले लिया।

वरिष्ठ नेता डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि न्याय की जीत हुई है और अदालत ने साबित कर दिया कि कानून सबसे ऊपर है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी यही बात दोहराई कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा खड़ी रहेगी, और सत्य के रास्ते पर चलते हुए हर भारतीय के हक की लड़ाई जारी रखेगी।

शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए बघेल ने आरोप लगाया कि विपक्ष को कुचलने के लिए एजेंसियों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने राज्य की आर्थिक अपराध इकाई (ईओडब्ल्यू) पर पहले से तैयार बयान को असली दस्तावेज बताकर अदालत में पेश करने और गवाहों को धमकाने का भी इल्जाम लगाया।

सदन शुरू होते ही कांग्रेस सदस्य ‘सत्यमेव जयते’ लिखे कपड़े पहनकर आए और एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ नारे लगाए, जिससे प्रश्नकाल पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस पर भाजपा के एक विधायक ने सवाल उठाया कि सदन में पोस्टर जैसे कपड़े पहनकर आने की इजाजत किस नियम से है।

इससे पहले भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि एजेंसियों के गलत उपयोग से दस साल तक राष्ट्रीय नेतृत्व की छवि खराब करने की कोशिश के बाद अब भाजपा बेनकाब हो गई है।

अदालत ने ईडी को फटकार लगाते हुए कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत किसी पर भी नेशनल हेराल्ड में मनी लॉन्ड्रिंग का केस नहीं बनता। भाजपा जिस तरह विपक्ष को डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है, उसके खिलाफ हम सभी एकजुट हैं और आज विधानसभा में ‘सत्यमेव जयते’ के संकल्प को दोहराया।

भाजपा कार्यालय का घेराव

पूर्व सीएम भूपेश बघेल की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। भूपेश बघेल से एक्‍स पर पोस्‍ट कर कहा कि भाजपा के नेता कान खोल कर सुन लें कि इन हथकंडों से हम डरने वाले नहीं हैं। भारतीय संविधान और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा हेतु हम हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now