रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी (Vinod Tiwari) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, विनोद तिवारी कौशांबी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की टीम ने वहां दबिश दी और उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 3 फरवरी को सोशल मीडिया पर एपस्टीन फाइल काे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक AI जनरेटेड वीडियो शेयर करने को लेकर की गई है। इस पोस्ट को लेकर पहले शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस टीम कौशांबी पहुंची और विनोद तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
कांग्रेस ने इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है।
पार्टी का कहना है कि, एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट को आधार बनाकर किसी नेता को दूसरे राज्य से गिरफ्तार करना तानाशाही है।
कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि, ‘बीजेपी सच से डरती है। वैचारिक लड़ाई को पुलिस के दम पर लड़ना कायरता है।’









