पहलगाम हमला मानवता और कश्मीरियत पर हमला : पीएम मोदी

June 6, 2025 7:00 PM
Chenab Bridge Inauguration

रियासी। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेल ब्रिज और अंजी ब्रिज का उद्घाटन किया। इस मौके पर कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन से पहले, उन्होंने चिनाब रेल ब्रिज का निरीक्षण किया और अधिकारियों से इसके तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।

चिनाब रेल ब्रिज, जो नदी तल से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। 1,315 मीटर लंबा यह स्टील आर्च ब्रिज भूकंप और तेज हवाओं का सामना करने के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है। यह ब्रिज जम्मू और श्रीनगर के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा। कार्यक्रम में उनके साथ जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे।

“हर रुकावट को पहले ‘मोदी’ का सामना करना होगा”

कटरा स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने 46 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्‍होंने कहा, पहलगाम में हुआ आतंकी हमला न केवल निर्दोष लोगों पर, बल्कि मानवता और कश्मीरियत पर हमला था। पहलगाम हमला जम्मू-कश्मीर में विकास के माहौल को कमजोर नहीं करेगा। हर रुकावट को पहले ‘मोदी’ का सामना करना होगा।

पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि ठीक एक महीने पहले, 6 मई की रात को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को सबक सिखाया था। इस कार्रवाई ने पाकिस्तान की आतंकी साजिशों को मिनटों में ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान को ऑपरेशन सिंदूर का नाम सुनते ही अपनी हार याद आएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चिनाब और अंजी पुल भारत की इंजीनियरिंग क्षमता के प्रतीक हैं। ये दुर्गम पहाड़ियों में बने हैं और पर्यटन, व्यापार व स्थानीय उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल परियोजना जम्मू-कश्मीर की नई पहचान बन रही है। हाल ही में क्षेत्र को दो नई वंदे भारत ट्रेनें और 46 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं मिली हैं, जो विकास को गति देंगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू और श्रीनगर में अब आईआईटी, आईआईएम, एम्स और एनआईटी जैसे संस्थान हैं। पिछले पांच वर्षों में सात नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं और एमबीबीएस सीटें 500 से बढ़कर 1300 हो गई हैं। उन्होंने घोषणा की कि रियासी जिले में जल्द ही एक नया मेडिकल कॉलेज बनेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होंगी।

द लेंस के यूट्यूब चैनल पर देखें पीएम मोदी पर पूरा भाषण

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now