कांग्रेस नेता के दफ्तर के बाहर नकाबपोश बदमाशों ने दागीं गोलियां, दो घायल

October 28, 2025 10:51 PM
Bilaspur Shootout

रायपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के मस्तूरी इलाके में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज गोलीकांड (Bilaspur Shootout) ने इलाके में दहशत फैला दी। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह के निजी दफ्तर के बाहर अज्ञात नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

हमले में दफ्तर के बाहर बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नितेश सिंह बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी और तोरवा थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ली। मौके पर एसएसपी रजनेश सिंह भी पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।

एसएसपी ने बताया कि शाम करीब 6 बजे मुलमुला की ओर से बिना नंबर की बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश दफ्तर के पास पहुंचे। उन्होंने अचानक हथियार निकालकर 4-5 राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस गोलीबारी में चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह को गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किय गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलीबारी की आवाज सुनकर नितेश सिंह बाहर आए और अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर बिलासपुर की ओर भाग निकले।

गोली लगने वालों में बीजेपी नेता रौशन सिंह के ससुर चंद्रकांत सिंह (उम्र 55 वर्ष) को हाथ में गोली लगी, जबकि एक अन्य युवक राजू सिंह (30 वर्ष) को कमर और जांघ में गोलीबारी का सामना करना पड़ा। दोनों को तुरंत बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।

घटनास्थल पर खून बहने के निशान और खाली खोखे बिखरे मिले।

एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पुरानी रंजिश या राजनीतिक दुश्मनी का मामला लग रहा है।

कांग्रेस नेता नितेश सिंह ने कह कि यह मेरे खिलाफ सुनियोजित साजिश है। मैं डरने वाला नहीं, लेकिन कानून अपना काम करेगा।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें : रायपुर के होटल में प्रेमी की हत्या कर नाबालिग प्रेमिका ट्रेन से पहुंच गई बिलासपुर, अगले दिन मां ने थाने में करा दिया सरेंडर

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories